डोटासरा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज

जयपुर। राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को यहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस विधायक, विधायक प्रत्याशी, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस मौके डोटासरा ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयास और बलिदान से हमें देश की आजादी मिली है और महान नेताओं ने जो संविधान दिया उसे समस्त देशवासियों को अधिकार मिले हैं, इसीलिए हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र माना जाता है देश में लोकतंत्र कायम रहे और सभी को बोलने की आजादी हो, काम करने की आजादी हो इसलिए देश के महान नेताओं ने संविधान में सभी देशवासियों को अधिकार प्रदान किया हैं और समस्त देशवासी आज महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर नमन करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश में जो शासन कर रहे हैं उनका संविधान में विश्वास नहीं है और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए लगातार प्रहार कर रहे हैं। संविधान द्वारा प्रदत बोलने की आजादी सहित समस्त अधिकार छीने जा रहे हैं, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है और सबसे बड़ा प्रहार लोकतंत्र में देशवासियों से वोट छीन कर किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार लोगों से वोट का अधिकार छीन रही है और संविधान के 73वें व 74वें संशोधन में प्रावधान है कि प्रत्येक पांच वर्ष में नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव कराया जाना आवश्यक है परंतु पांच वर्ष से अधिक का समय हो जाने पर भी प्रदेश की सरकार संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन कर रही है और चुनाव नहीं करवा रही है।

उन्होंने कहा कि आज सभी कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता संकल्प लेते हैं कि देश के लोकतंत्र मजबूत रहे उसके लिए बड़े से बड़ा बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटेंगे तथा संविधान के प्रावधानों में जो अधिकार आमजन को मिले हैं उन अधिकारों से कोई वंचित न कर सके इसके लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम में अव्यवस्था की परिस्थितियां दुर्भाग्यपूर्ण

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने एक राष्ट्रीय पर्व के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में अव्यवस्थाओं से उत्पन्न परिस्थितियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार को इससे सबक लेकर भविष्य के लिए बेहतर तैयारी करनी चाहिए।

गहलोत ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि आज जोधपुर से मिल रही सूचनाओं के अनुसार राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए गए राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में अव्यवस्थाओं से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि खबरों के अनुसार 15 से अधिक बच्चों को कार्यक्रम में डिहाइड्रेशन के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कई लोगों को एंट्री पास के बावजूद कार्यक्रम में प्रवेश नहीं दिया गया। गहलोत ने कहा कि सड़क दुर्घटना में एक बालक की मृत्यु के बाद भी सरकार और प्रशासन की असंवेदनशीलता भी देखने को मिली।