जयपुर। राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर प्रदेश के नौजवानों को लम्बे समय तक भ्रमित कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा ने लगातार एसआई भर्ती को लेकर तथ्यहीन आरोप लगाते हुए कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक मुद्दा बना कर सिर्फ सुर्खियां बटोरने का कार्य किया और प्रदेश के नौजवानों को यह भर्ती रद्द होने और पुनः भर्ती निकालने के नाम पर भ्रमित कर राजनीति की है।
डोटासरा मंगलवार को यहां एसआई भर्ती प्रकरण में हाईकोर्ट के समक्ष राज्य सरकार द्वारा जवाब प्रस्तुत कर भर्ती निरस्त नहीं करने के निर्णय से अवगत कराने तथा मात्र 55 लोगों के विरूद्ध ही शिकायत होने की जानकारी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री डा किरोड़ी लाल मीणा ने यह भर्ती रद्द नहीं होने पर मंत्रिमण्डल से अपना पद त्यागने तक की घोषणा की थी और प्रदेश के नौजवानों को झूठे तथ्यों के आधार पर बरगलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दें पर राजनीति करने के लिए भाजपा और भाजपा नेताओं को प्रदेशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के समक्ष भाजपा की सरकार का वास्तविक चेहरा आज उजागर हो गया है और प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि भाजपा केवल राजनीतिक उद्देश्य से तथ्यहीन आधार पर कांग्रेस को बदनाम करने के लिए पेपर लीक जैसे मुद्दों की राजनीति करती है, इसके लिए प्रदेश की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि एसआई भर्ती प्रकरण में बड़े-बड़े दावे करने वाले डा किरोड़ी लाल मीणा क्या अपना इस्तीफा देंगे, यह प्रदेश की जनता जानना चाहती है।