5 दिन में दूसरी बार बढे पेट्रोल-डीजल के दाम

0

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार से पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। तेल विपणन कंपनियों ने पांच दिन में दूसरी बार दोनों ईंधनों के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले, 15 मई को पेट्रोल-डीजल के मूल्य में तीन-तीन रुपये की वृद्धि की गई थी।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली में आज से पेट्रोल की कीमत 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपए प्रति लीटर हो गई है। डीजल भी 91 पैसे महंगा हुआ। अब एक लीटर डीजल 91.58 रुपए का मिलेगा।

देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 91 पैसे और डीजल की 94 पैसे बढ़ी है। वहां अब पेट्रोल 107.59 रुपए का और डीजल 94.08 रुपए का हो गया है। चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे और डीजल 96 पैसे महंगा हुआ है।

आज से एक लीटर पेट्रोल 104.49 रुपए का और एक लीटर डीजल 96.11 रुपये का मिलेगा। कोलकाता में अब पेट्रोल की कीमत 109.70 रुपए और डीजल की 96.07 रुपए पर पहुंच गई है। इनके दाम क्रमशः 96 पैसे और 94 पैसे बढ़े हैं।

इंडियन ऑयल ने अपने प्रीमियम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इतनी ही वृद्धि की है। दिल्ली में ब्रांडेड पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 87 पैसे बढ़कर 105.76 रुपये और ब्रांडेड डीजल एक्सजी की कीमत 91 पैसे बढ़कर 96.90 रुपए प्रति लीटर हो गई है।

दूसरे शहरों में भी कीमतों में लगभग इसी तरह की बढ़ोतरी की गई है, हालांकि वैट और लॉजिस्टिक्स लागत में अंतर के कारण कीमत वृद्धि में कुछ अंतर होता है।

पेट्रोल-डीजल के दाम 30 अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार पिछले सप्ताह बढ़ाए गए थे। पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे तेल का उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित होने से तेल विपणन कंपनियों पर दबाव है। हालांकि उन्होंने मार्च और अप्रैल में कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की थी। केंद्र सरकार ने मार्च में पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपए प्रति लीटर की कटौती करके तेल विपणन कंपनियों को राहत दी थी।

भारतीय बास्केट में अप्रैल में कच्चे तेल की औसत कीमत 114.48 डॉलर प्रति बैरल रही थी जो मई में घटकर 18 मई तक औसतन 107.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है।