पेट्रोल, डीजल, सीएनजी फिर महंगी

1

नई दिल्ली। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में शनिवार को एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। दूसरे शहरों में भी इसी अनुपात में वृद्धि की गई है। चार-चार दिन के अंतराल पर दोनों जीवाश्म ईंधनों के दाम लगातार तीसरी बार बढ़ाए गए हैं।

दिल्ली और आसपास के शहरों में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने आज से सीएनजी के दाम दो रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए हैं। नौ दिन में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले, 15 मई को भी कंपनी ने सीएनजी के दाम दो रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए थे।

दिल्ली में आज से एक लीटर पेट्रोल 99.51 रुपए का और डीजल 98.64 रुपए का हो गया है। पहले इनकी कीमत क्रमशः 98.64 रुपए और 91.58 रुपए प्रति लीटर थी। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजील के दाम दिल्ली में तीन-तीन रुपए बढ़े थे। इसके बाद 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था।

कोलकाता में आज से पेट्रोल की कीमत 94 पैसे बढ़कर 110.64 रुपए और डीजल की 95 पैसे बढ़कर 97.02 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है। चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे और डीजल 87 पैसे महंगा हुआ है। आज से वहां एक लीटर पेट्रोल 105.31 रुपए का और एक लीटर डीजल 96.98 रुपए का हो गया है।

पश्चिम एशिया में जारी संकट और आपूर्ति में बाधा के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और डॉलर की तुलना में रुपये में जारी गिरावट से तेल विपणन कंपनियों की लागत बढ़ रही है। यही कारण है कि वे पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही हैं।

इंडियन ऑयल ने अपने प्रीमियम पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 87 पैसे बढ़ाकर 106.63 रुपए और प्रीमियम डीजल एक्सजी की कीमत 91 पैसे बढ़ाकर 97.81 रुपए प्रति लीटर कर दी है।

शहरी गैस वितरण कंपनी आईजीएल की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से सीएनजी 81.09 रुपए प्रति किलोग्राम मिलेगी। पहले इसकी कीमत 79.09 रुपए प्रति किलोग्राम थी।

दूसरे शहरों में भी आईजीएल ने कीमतों में दो-दो रुपए की वृद्धि की है। दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में एक किलोग्राम सीएनजी आज से 89.70 रुपए का हो गया है। गुरुग्राम में इसकी कीमत अब 86.12 रुपए हो गई है।

अब मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में सीएनजी 89.58 रुपए प्रति किग्रा, रेवाड़ी में 85.70 रुपये, करनाल और कैथल में 86.43 रुपए तथा कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में 92.42 रुपए प्रति किग्रा के भाव मिलेगी।

अजमेर, पाली और राजसमंद में अब सीएनजी की कीमत 90.44 रुपए, मोहाबा, बांदा और चित्रकूट में 87.42 रुपए, हापुड़ में 90.70 रुपए तथा गौतम बुद्ध नगर में 89.70 रुपए और ग्रेटर नोएडा में 89.70 रुपए प्रति किलोग्राम होगी।