नसीराबाद। जिला प्रशासन और रसद विभाग द्वारा अवैध ईंधन भंडारण व बिक्री के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई है।
जिला रसद अधिकारी नीरज जैन के नेतृत्व में शिकायत पर कार्यवाही करते हुए विभागीय टीम ने नसीराबाद शहर के रामसर चुंगी चौकी क्षेत्र में स्थित नवीन टायर्स रिपेयर्स प्रतिष्ठान पर छापा मारा।
मौके पर की गई जांच में प्रतिष्ठान पर अवैध रूप से पेट्रोल का भंडारण और बिक्री पाई गई। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रसद विभाग की टीम ने 16 लीटर अवैध पेट्रोल को मौके से जब्त कर लिया।
इस संपूर्ण कार्रवाई के दौरान जिला रसद अधिकारी नीरज जैन, नसीराबाद सिटी थानाधिकारी करण सिंह, प्रवर्तन अधिकारी रामजीवन तथा पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा। विभाग द्वारा अवैध ईंधन के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।



