अजमेर जिले में भी बंद रहेंगे पेट्रोल पंप, अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

अजमेर। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की ओर से वेट कम किए जाने को लेकर बीते दो दिनों से पेट्रोल पंपों का सांकेतिक बंद शुक्रवार सुबह से अनिश्चितकालीन हडताल में तब्दील हो जाएगा। देर शाम जयपुर में सरकार के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता विफल होने के बाद ऐसोसिएशन ने पूर्व घोषणा के अनुरूप अनिश्चितकालीन हडताल का ऐलान कर दिया। शुक्रवार से पेट्रोल पंप पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।

बतादें कि राजस्थान में वेट कम करने की मांग को लेकर पेट्रोल पंप डीलर्स दो दिन से सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक 8 घंटे की सांकेतिक बंद रख रहे थे। दो दिन के इस सांकेतिक बंद के बावजूद राजस्थान सरकार की ओर से कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। आरपीडीए के पदाधिकारियों से वार्ता के दो दौर हुए लेकिल विफल रहे। इससे पेट्रोल पंप डीलर्स को झटका लगा। आखिरकार आरपीडीए पूर्व घोषणा के अनुरूप शुक्रवार सुबह 6 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है।

आरपीडीए का दावा है वेट की अधिकता के चलते समीवापर्ती 270 पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं। यह हालात निरंतर बिगडते जा रहे हैं। इस कारण पेट्रोल पंप डीलर्स के लिए कारोबार का संचालन करना कठिन होता जा रहा है।

प्रशासन का दावा, अजमेर शहर में उपलब्ध रहेगा पेट्रोल डीजल

पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के द्वारा की गई हड़ताल के बावजूद अजमेर शहर में कम्पनी संचालित पेट्रोल पम्प पर पेट्रोलियम उत्पाद आमजन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि राजस्थान पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के द्वारा हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस दौरान आमजन को किसी प्रकार की समस्या से बचाने के लिए अजमेर शहर में कम्पनी संचालित पेट्रोल पम्प पर पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने बताया कि नसीराबाद रोड़ आदर्श नगर में आड़ी रेल्वे पुलिया के पास इण्डियन ऑयल कॉर्पाेरेशन का पम्प संचालित है। यह पम्प कोको पम्प के नाम से जाना जाता है। नियमित रूप से यह पम्प 24 घण्टे खुला रखा जाएगा। पेट्रोल एवं डीजल कोई भी व्यक्ति भरा सकता है। पेट्रोल पम्प पर कुल 16 नोजल लगे हुए है। इनमें से 8 पेट्रोल के लिए तथा 8 डीजल के लिए है। पेट्रोल पम्प पर नगद के अतिरिक्त डिजिटल माध्यम से भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।