हनुमानगढ़ में सरकारी स्कूल के शारीरिक शिक्षक ने बालक से कुकर्म का प्रयास किया

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में एक सरकारी विद्यालय के शारीरिक शिक्षक का एक बालक से कुकर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने गुुरुवार को बताया कि इस मामले में पुलिस ने पीड़ित बालक के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ यौन अपराध बाल संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कंवर को सौंपी गई है, जो इस मामले की त्वरित जांच कर रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी जल्द ही होने की संभावना है।

घटना के अनुसार एक गांव के पीड़ित बालक के पिता ने बुधवार देर रात नोहर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सरकारी विद्यालय में कार्यरत शारीरिक शिक्षक प्यारेलाल ने उनके नाबालिग बेटे के साथ अश्लील हरकतें कीं और कुकर्म का प्रयास किया।

यह घटना बुधवार को विद्यालय में आधी छुट्टी के बाद दूसरी पारी के दौरान विद्यालय के ही एक कक्ष में हुई। पीड़ित बालक के पिता ने बताया कि आरोपी शिक्षक ने बच्चे को बिस्किट खिलाने के बहाने कमरे में ले जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अश्लील हरकतें कीं। बालक ने घर आकर परिजनों को इसके बारे में बताया।