अजमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन विभाग ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता और सुदृढ़ प्लेसमेंट व्यवस्था का परिचय देते हुए 13 विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कंपनी ICICI Prudential Life Insurance में सफलतापूर्वक कैंपस प्लेसमेंट सुनिश्चित किया है।
शुक्रवार को आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में कंपनी की ओर से मैनेजर एचआर प्रियंका विश्वास एवं चेष्टा गुप्ता उपस्थित रहीं, जिन्होंने चयन प्रक्रिया का संचालन किया। इस अवसर पर कुल 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत पहले चरण में ग्रुप डिस्कशन तथा दूसरे चरण में व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिनके पश्चात 13 विद्यार्थियों का अंतिम चयन हुआ।
चयनित विद्यार्थियों में यादवीर तामोली, अमन सिंह बकावत, अनुज शर्मा, अनुराग सिंह राठौड़, चारु दिवाकर, हर्ष कुमार राव, हितेश जैन, जयसिंह, केशव शर्मा, पायल खत्री, शिवांगी, सोनिया साजू, व विभेंद्र सिंह राठौड़ शामिल हैं। इन विद्यार्थियों को लगभग साढ़े चार लाख रुपए वार्षिक पैकेज के साथ आकर्षक इंसेंटिव प्रदान किए जाएंगे, जिसमें चार लाख रुपए का मेडिक्लेम एवं पच्चीस लाख रुपए का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस भी शामिल है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पश्चात सभी चयनित विद्यार्थी कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल से आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए एकत्रित हुए। इस अवसर पर कुलगुरु ने विद्यार्थियों को न केवल हार्दिक बधाई दी, बल्कि उनका मार्गदर्शन भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने का संदेश दिया।
प्रबंध अध्ययन विभाग के संकायाध्यक्ष एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक प्रो. शिव प्रसाद ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग निरंतर विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों में भी एमबीए पार्ट-II (सेमेस्टर-IV) के अधिकांश विद्यार्थियों का सफल कैंपस प्लेसमेंट कराया जा चुका है, जो विभाग की गुणवत्ता और उद्योग से मजबूत संबंधों का प्रमाण है।



