जालंधर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास सहित पंजाब में रेलवे और सड़क अवसंरचना से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार न होने के बावजूद केन्द्र सरकार पंजाब के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरुओं और पीरों की इस पावन धरती पर आप सभी के बीच आकर मुझे गर्व का अनुभव हो रहा है। पंजाबियों, कैसे हो? चढ़दी कला में हो? उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले उन्हें श्री गुरु रविदास जी के जन्मोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला था और आज वह जालंधर में विकास के एक नए अध्याय के साक्षी बन रहे हैं।
मोदी ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सामाजिक समरसता, समानता और सेवा का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गुरु परंपरा और संत परंपरा पर आधारित एक भव्य संग्रहालय की आधारशिला रखी गयी है, जो आने वाली पीढ़ियों तक गुरुओं की शिक्षाओं, उनके बलिदान और सेवा की परंपरा को पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने जालंधर में स्वच्छता अभियान में लोगों की भागीदारी की भी सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों ने गुरु रविदास जी के समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को व्यवहार में उतारा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में अमर शहीद सरदार तेजा सिंह समुंदरी को उनकी शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी शासन के दौरान सिख हितों की रक्षा के लिए अनेक आंदोलन किये और अपना पूरा जीवन मातृभूमि तथा समाज की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से आज भी प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जालंधर से कई नयी रेल सेवाओं की शुरुआत की गयी है। इनमें अमृतसर और वाराणसी के बीच शुरू की गयी संत रविदास एक्सप्रेस (स्लीपर वंदे भारत) विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जिससे गुरु रविदास जी के श्रद्धालुओं को काशी जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि दौलतपुर चौक-करटोली नयी रेल लाइन का शुभारंभ किया गया है तथा करौली-अंबाला रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखायी गयी है। इसके साथ ही दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे के एक और खंड का उद्घाटन तथा लुधियाना बाईपास परियोजना का शिलान्यास भी किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब में रेलवे, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब का विकास पूरे देश के विकास से जुड़ा हुआ है और केंद्र सरकार राज्य के लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले रेलवे की स्थिति बेहद खराब थी। नयी ट्रेनों की घोषणाएं तो होती थीं, लेकिन रेलवे स्टेशनों के विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि आज अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और इनमें से अनेक स्टेशनों का कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट स्टेशन अब केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नया परिवहन केंद्र बन चुका है। इसी प्रकार आनंदपुर साहिब, श्री मुक्तसर साहिब और साहिबजादा अजीत सिंह नगर सहित कई रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नये रेलवे स्टेशन स्थानीय संस्कृति और विरासत को भी प्रदर्शित कर रहे हैं। जालंधर कैंट स्टेशन पर पंजाब की खेल संस्कृति और लोक परंपरा की झलक दिखाई देगी, जबकि आनंदपुर साहिब स्टेशन पर तख्त श्री केसगढ़ साहिब सहित स्थानीय धार्मिक धरोहरों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे स्टेशनों पर स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और विश्वकर्मा योजना से जुड़े लोगों के उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था की गयी है, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रखा गया है, जबकि चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रखा गया। उन्होंने कहा कि यह देश के महान महापुरुषों के सम्मान का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में पंजाब की वर्तमान कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में आज हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में यह कहना मुश्किल है कि कब और कहां गैंगवार हो जाये या किस दिशा से गोलियां चलने लगें। व्यापारियों से खुलेआम फिरौती मांगी जा रही है और पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और युवाओं का भविष्य खतरे में डाला जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने बिना किसी व्यक्ति का नाम लिए कहा कि पंजाब की सत्ता में बैठी पार्टी देश की राजनीति बदलने का दावा करती थी, लेकिन उसके नेताओं पर गंभीर आपराधिक और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पार्टी के एक प्रमुख नेता को अदालत ने दोषी ठहराया है, जबकि दूसरे राज्यों में भी पार्टी के विधायकों को सरकारी अधिकारियों पर हमले, उगाही और भ्रष्टाचार के मामलों में सजा मिली है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार की पहचान ‘कट्टर बेईमानी’ की बन चुकी है और जनता की सेवा ईमानदारी तथा साफ नीयत से ही संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए लाखों करोड़ रुपये उपलब्ध कराए, लेकिन राज्य सरकार उन निधियों का समुचित उपयोग नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि गांवों की सड़कें, नहरें, मंडियां और अन्य विकास कार्य समय पर पूरे नहीं हुए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार केंद्र की योजनाओं पर अपना नाम चिपकाकर उन्हें राज्य सरकार की योजना के रूप में प्रचारित कर रही है।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज वाली इस योजना के क्रियान्वयन में भी राज्य सरकार राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में किसानों को अनेक फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ मिल रहा है, जबकि पंजाब में किसानों को केवल आश्वासन मिल रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपने वादे पूरे करने में असफल रही है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंजाब में केवल आंतरिक गुटबाजी और नेतृत्व संघर्ष में उलझी हुई है। उन्होंने अकाली दल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह भी अपने राजनीतिक हितों में व्यस्त है और जनता के मुद्दों से दूर हो चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब में निवेश बढ़ाने, उद्योग स्थापित करने, रोजगार सृजित करने और राज्य को विकसित बनाने का काम भाजपा ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर विकास को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने पंजाब के युवाओं, खिलाड़ियों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश आज खेल अर्थव्यवस्था (स्पोर्ट्स इकोनॉमी) का नया दौर देख रहा है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया अभियान, स्पोर्ट्स पॉलिसी, स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और खेल अवसंरचना के माध्यम से युवाओं के लिए नये अवसर पैदा किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से जालंधर के खेल उद्योग का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल उपकरण निर्माण में पंजाब की बड़ी भूमिका है और भविष्य में भारत वैश्विक खेल अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार हर समय पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब अपनी सांस्कृतिक विरासत, युवाओं की प्रतिभा और विकास परियोजनाओं के बल पर देश के सबसे अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने सभी नई विकास परियोजनाओं के लिए पंजाब के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।




