मोदी ने हरियाणा में 14000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का किया शिलान्यास, लोकार्पण

1

जींद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही राज्य की 14000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

प्रधानमंत्री ने हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद एक कार्यक्रम में हरियाणा की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने लगभग 9,680 करोड़ रुपए की लागत से विकसित 157.92 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले और पूरी तरह से सुलभ दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (पैकेज एक से पांच) को राष्ट्र को समर्पित किया।

यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर 667 किलोमीटर लंबे दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे का हिस्सा है। इस एक्सप्रेस-वे से दिल्ली और कटरा के बीच यात्रा का समय लगभग 14 घंटे से घटकर लगभग छह घंटे हो जाएगा, जबकि दिल्ली-अमृतसर की यात्रा का समय लगभग आठ घंटे से घटकर चार घंटे रह जाएगा।

इस परियोजना से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) पर यातायात काफी कम होने, श्री माता वैष्णो देवी के तीर्थयात्रा और पर्यटन में वृद्धि होने और कॉरिडोर के साथ औद्योगिक तथा लॉजिस्टिक्स विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-7 और राष्ट्रीय राजमार्ग-344 पर बने 33.81 किलोमीटर लंबे चार लेन वाले, आंशिक रूप से प्रवेश-नियंत्रित अंबाला-काला अंब राजमार्ग का भी उद्घाटन किया। यह राजमार्ग अंबाला शहरी क्षेत्र और काला अंब औद्योगिक क्षेत्र के बीच संपर्क को मजबूत करेगा, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाएगा, पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही को सुगम बनाएगा और काला अंब क्षेत्र के उद्योगों के लिए लॉजिस्टिक लागत को कम करेगा।

एक अन्य महत्वपूर्ण परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए पर स्थित 40.60 किलोमीटर लंबा जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड राजमार्ग है। यह नया राजमार्ग जींद और गोहाना के बीच यात्रा के समय को लगभग दो घंटे से घटाकर मात्र 40 मिनट कर देगा, जिससे यात्रियों, माल परिवहन और कृषि की दृष्टि से महत्वपूर्ण जींद-गोहाना क्षेत्र को लाभ होगा, साथ ही रोहतक, पानीपत तथा दिल्ली-एनसीआर से कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

प्रधानमंत्री ने हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड राजमार्ग परियोजना की आधारशिला भी रखी, जिसकी लंबाई 24.27 किलोमीटर है और जिसके अंतर्गत मौजूदा सड़क को पक्के शोल्डर के साथ 2/4 लेन का बना दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया। यह एक महत्वपूर्ण शहरी अवसंरचना परियोजना है, जिससे शहर की रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से चली आ रही यातायात की भीड़भाड़ की समस्या समाप्त हो जाएगी। इस परियोजना से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और रेल तथा सड़क परिवहन प्रणालियों की परिचालन दक्षता बढ़ेगी।

प्रधानमंत्री ने पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज, भिवानी, महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुला राम अस्पताल, कोरियावास, नारनौल सहित प्रमुख चिकित्सा संस्थानों को राष्ट्र को समर्पित किया। इन संस्थानों से हरियाणा में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलेगी, एमबीबीएस सीटों की संख्या में वृद्धि होगी, विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की उपलब्धता में सुधार होगा और लोगों को अपने घरों के पास बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्राप्त करने में मदद मिलेगी और इससे राज्य की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री ने क्षेत्र के सांस्कृतिक आधारभूत ढांचे को और समृद्ध करते हुए कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी। यह संग्रहालय आधुनिक तकनीक के उपयोग के माध्यम से सिख धर्म के इतिहास, सिख गुरुओं की शिक्षाओं, उनके साहस, बलिदानों और भारत की सभ्यता तथा संस्कृति में सिख समुदाय के अमूल्य योगदान को प्रदर्शित करेगा।