जयपुर। राजस्थान में जयपुर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आई) की मदद से फर्जी समाचार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के एक गंभीर मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
ज्योति नगर थाना पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार सोहाना, पंजाब निवासी अमृता धूमाल को अदालत में पेश किया, जहां जज श्रृंगिका जाजू ने उसे 24 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इस मामले में पहले से गिरफ्तार भोपाल निवासी बिलाल खान, इमाम अहमद और निखिल प्रजापत भी 25 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में अभय तिवारी सहित अन्य संदिग्धों के खिलाफ जांच अभी जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला 18 अप्रैल को सामने आया था, जब रिपोर्टर सत्यनारायण शर्मा ने ज्योति नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने समाचार चैनल के लोगो, एंकर और बैकग्राउंड का दुरुपयोग करके एक वीडियो क्लिप को एडिट करके फर्जी खबर तैयार की और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल तकनीक और एआई के दुरुपयोग से फैल रही फर्जी खबरों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



