अलवर में फिरौती के लिए अपह्रत युवक को पुलिस ने मुक्त कराया

1

अलवर। राजस्थान में अलवर के सदर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण के बाद फिरौती मांगने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहबाज (21) अपने साथी इमरान के साथ बाइक से बाजार जा रहा था। वे जब डबल फाटक के पास पहुंचे, तो बोलेरो गाड़ी में सवार चार युवक वहां आए और शहबाज को जबरन गाड़ी में डालकर अपने साथ ले गए। आरोपियों ने रास्ते में उसके साथ मारपीट भी की और उसे डराया-धमकाया। आरोपियों ने उसके मोबाइल फोन से ही उसके भाई को कॉल किया और दो लाख रुपए की फिरौती की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस दल ने आरोपियों का पीछा भी किया। पुलिस काे पीछा करते देख आरोपी घबरा गए और युवक को सुरक्षित छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस मामले में पुलिस ने गौरव, लोकेश, कुलदीप और हितेष के खिलाफ मामला दर्ज किया है।