दिल्ली के द्वारका स्थित घर में मृत पाई गईं रक्षा मंत्रालय की गर्भवती अधिकारी

0

नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय में तैनात 30 वर्षीय सहायक अनुभाग अधिकारी (एएसओ) नाज़िया खानम 21 अगस्त को यहां द्वारका सेक्टर-23 थाना क्षेत्र के भरथल गांव में अपने घर पर मृत पाई गईं।

नाज़िया के माता-पिता की ओर से उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को दी गई शिकायत के बाद पुलिस ने उनके पति और ससुराल वालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को शाम 4:21 बजे द्वारका के सेक्टर-23 थाना को कथित आत्महत्या के संबंध में सूचना मिली थी।

पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया और प्रक्रिया के अनुसार संबंधित एसडीएम को सूचित किया गया। इसके बाद शव को आगे की कानूनी औपचारिकताओं के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भेज दिया गया।

नाज़िया ने 11 अप्रैल को मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार मोहम्मद आज़म अली खान से शादी की थी। वह रक्षा मंत्रालय में एएसओ के पद पर काम कर रही थीं। खबरों के अनुसार मौत के समय वह गर्भवती थीं।

पुलिस ने बताया कि 21 अगस्त को मृतका के परिवार वाले कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुए और लिखित बयान दिए। उस समय उन्होंने ससुराल वालों के खिलाफ कोई शक या आरोप नहीं जताया। हालांकि, 22 अगस्त को नाज़िया के माता-पिता फिर से एसडीएम के सामने पेश हुए और एक नया बयान/शिकायत दी, जिसमें उन्होंने अपने पति और ससुराल वालों पर परेशान करने और गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया।

बाद में मिली शिकायत और कार्यवाही के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 और 108 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

गौरतलब है कि बीएनएस की धारा 108 आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित है, जबकि धारा 85 पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा महिला के साथ क्रूरता करने से जुड़ी है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और संबंधित लोगों के बयानों के साथ-साथ उपलब्ध अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है। जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।