सिरोही। शहर के रामझरोखा मैदान में इस बार नवरात्रि के नौ दिनों तक गरबों की धूम रहेगी। शहर के पुराने और प्रमुख गरबा आयोजकों में शामिल जगदम्बे नवयुवक मंडल ने 54वें नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन को लेकर मंडल की बैठक में व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय करने के साथ अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सदस्यों को सौंपी गई हैं।
मंडल के संरक्षक लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि 11 अक्टूबर, अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को रामझरोखा मैदान में विधि-विधान के साथ घट स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही करीब 10 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा को माता के दरबार में विराजमान किया जाएगा।
पवित्र माटी से तैयार हो रही मां दुर्गा की प्रतिमा
इस बार माता की प्रतिमा को बंगाल से आए कुशल मूर्तिकार तैयार कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार प्रतिमा निर्माण में पीओपी और केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। माता दुर्गा के साथ मां सरस्वती, मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी।
माता के दरबार में नौ रात गरबों की धूम
रामझरोखा मैदान में नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन गरबा और डांडिया रास का आयोजन होगा। आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए मैदान में विशेष गरबा पंडाल, माता का दरबार, सजावट, विद्युत रोशनी और साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जा रही है।
गरबा रास में हिस्सा लेने वाली महिलाओं, युवतियों और पुरुषों के लिए रोजाना विभिन्न पुरस्कार भी रखे जाएंगे। इसके अलावा विशेष बंपर पुरस्कार और गरबा खेलने वाली महिलाओं को प्रोत्साहन पुरस्कार देने की भी तैयारी है।
6 अक्टूबर से निशुल्क गरबा प्रशिक्षण
नवरात्रि से पहले गरबा प्रेमियों को पारंपरिक गरबा स्टेप्स सिखाने के लिए 6 अक्टूबर से निशुल्क प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा। आयोजकों के मुताबिक गुजरात के गरबा प्रशिक्षक युगल गौरव और प्रांजल शाह, गेस्ट ट्रेनर विवेक ठक्कर तथा सह प्रशिक्षिका योगिता मारू प्रशिक्षण देंगे।
प्रशिक्षण शिविर होटल अतिथि इन हॉल, सिरोही में दोपहर 3 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसमें महिलाओं और युवतियों को गरबा रास के प्रचलित स्टेप्स और नृत्य की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
मैदान की व्यवस्थाओं को लेकर नगर परिषद को पत्र
54वें नवरात्रि महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में नृत्य पंडाल, माता दरबार, सजावट, बिजली व्यवस्था, साउंड सिस्टम, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। सदस्यों ने आयोजन के लिए स्वैच्छिक आर्थिक सहयोग की घोषणा भी की।
आयोजकों ने रामझरोखा मैदान में मौजूद गंदगी और गड्ढों की ओर नगर परिषद का ध्यान आकर्षित करते हुए मैदान की सफाई और आवश्यक मरम्मत कराने के लिए पत्र भी दिया है।
बैठक में मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी, अध्यक्ष अतुल रावल, संरक्षक गिरीश सगरवंशी, लोकेश खंडेलवाल, गांधीभाई पटेल, रणछोड़ पुरोहित सहित विजय पटेल, प्रकाश खारवाल, प्रकाश प्रजापत, शैतान खरोर, दिनेश प्रजापत, रुपेश शर्मा, महेश पटेल, महेंद्र सूर्यवंशी और हरीश खत्री सहित मंडल के सदस्य मौजूद रहे।



