जेन जी की रीलों से मुझे उल्टी आती है : कंगना रनौत

0

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने गत सप्ताह दिल्ली के जंतर मंतर सहित पूरे देश में आंदोलन करने वाली नई पीढ़ी या जेन-जी की आलोचना की है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जीवन में कभी एक जगह इतनी कुरुपता नहीं देखी, जेन-ज़ी के विरोध प्रदर्शनों की ये रीलें उल्टी लाने वाली हैं, जिस तरह से वे बोलते हैं और जिस तरह की भाषा का वे उपयोग कर रहे हैं, वह सब कुछ एक साथ इतना परेशान करने वाला और अभद्र है।

मंडी सांसद ने एक के बाद कई पोस्ट जारी करते हुए कहा कि भारत विविध प्रकार के सुंदर लोगों का स्थान है और वे खुद को कॉकरोच कहते हैं और उनकी तरह दिखते और व्यवहार भी करते हैं। वह उनकी सोशल मीडिया पर बनायी रीलों से आहत हैं।

उन्होंने यह भी लिखा यह उन युवा हिंदू महिलाओं का व्यवहार है, जो उस स्वतंत्रता को कमाए बिना स्वतंत्र कामकाजी महिलाओं के जीवन की नकल करना चाहती हैं। जो महिलाएं वास्तव में स्वतंत्र हैं। वे ऐसा इसलिए करती हैं क्योंकि वे अपने दम पर हैं। वे अपने माता-पिता या परिवारों की कीमत पर ऐसा नहीं करती हैं।

उन्होंने भाषा में तल्खी के साथ लिखा कि यहां तथाकथित पश्चिमीकृत भारतीय महिलाओं की एक नई पीढ़ी है। वह उन्हें ‘जनरेशन गटर’ कहती हैं। उनमें से कुछ के पास व्यवस्था को देने के लिए कुछ नहीं है।

भाजपा सांसद ने लिखा कि ये महिलाएं पढ़ाई में अच्छी नहीं हैं, लेकिन वे इतनी बदसूरत और भ्रष्ट हैं कि वे गृहिणी भी नहीं बन सकतीं, लेकिन वे ड्रग्स, शराब या अनगिनत शारीरिक संबंधों की अपनी स्वतंत्रता का गर्व से प्रदर्शन करती हैं और बेशर्मी से अपने माता-पिता की कमाई पर पलती हैं और वास्तव में स्वतंत्र हुए बिना लगातार स्वतंत्र जीवन जीने के लिए लड़ती हैं।