चंडीगढ़। मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनका नया गाना ‘मिलनायर’ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है लेकिन इसी गाने में महिलाओं के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल को लेकर हंगामा मच गया है।
इस गाने के खिलाफ पंजाब राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए एक्शन की मांग की है। आयोग की अध्यक्ष राज लाली गिल ने इस मामले में पंजाब के डीजीपी को पत्र लिखकर इस विवाद पर नोटिस लेने की अपील की है।
गाने में महिलाओं के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक शब्दावली का प्रयोग किया गया है। यह महिलाओं के सम्मान, प्रतिष्ठा और अधिकारों का हनन है। पंजाब राज्य महिला आयोग, 2001 अधिनियम की धारा 12 के तहत ऐसे मामलों में स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई कर सकता है।
इस मामले में की गई कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट आयोग को सौंपने के निर्देश। साथ ही, सिंगर यो यो हनी सिंह को 11 अगस्त को सुबह 11:30 बजे आयोग के कार्यालय में हाजिर होने का आदेश दिया गया है।
यह पहला मौका नहीं है जब हनी सिंह अपने गानों को लेकर विवादों में फंसे हैं। इससे पहले भी कई बार उनके गीतों को लेकर अश्लीलता और महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा के आरोप लग चुके हैं। अब एक बार फिर महिला आयोग की सख्ती के चलते यह मामला कानूनी कार्रवाई की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है।