अजमेर मंडल में रेल यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा, अब मोबाइल ऐप से बुक होंगे कुली और व्हीलचेयर

0

अजमेर। रेलवे ने यात्री सुविधाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की है। अब रेल यात्रियों को स्टेशन पर कुली या व्हीलचेयर तलाशने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। यात्री अपने मोबाइल फोन या वेबसाइट के माध्यम से पहले से ही यात्री सहायक (कुली) और व्हीलचेयर सेवा की बुकिंग कर सकेंगे। इस सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, बीमार यात्रियों और भारी सामान लेकर चलने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

‘माय साथी’ करेगा प्लेटफॉर्म का संचालन

उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने इस डिजिटल सुविधा को शुरू करने के लिए मेसर्स ‘माय साथी’ को जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत मंडल के अधीन आने वाले रेलवे स्टेशनों पर यात्री सहायक और ई-व्हीलचेयर सेवाओं की बुकिंग के लिए मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट विकसित की जाएगी। यह अनुबंध 16 नवंबर 2026 से तीन वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी होगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार इस कार्य के लिए रेलवे ने आईआरईपीएस (IREPS) पोर्टल के माध्यम से ई-नीलामी प्रक्रिया अपनाई। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई है। चयनित कंपनी प्लेटफॉर्म के विकास से लेकर क्लाउड होस्टिंग, तकनीकी रखरखाव, ग्राहक सहायता और दैनिक संचालन तक की जिम्मेदारी संभालेगी।

नई व्यवस्था के तहत यात्री अपने स्मार्टफोन अथवा वेबसाइट पर जाकर यात्रा से संबंधित जानकारी दर्ज कर आवश्यकतानुसार कुली या व्हीलचेयर सेवा बुक कर सकेंगे। कंपनी के उपलब्ध प्लेटफॉर्म पर पीएनआर या ट्रेन संबंधी जानकारी के आधार पर स्टेशन और सेवा का चयन करने की व्यवस्था बताई गई है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने इस पहल को यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग से यात्रियों का समय बचेगा और स्टेशन पर पहुंचने के बाद सहायता प्राप्त करना अधिक सुविधाजनक होगा।

इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार व्यक्तियों, महिलाओं और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले लोगों को मिलने की उम्मीद है। रेलवे की पहले से संचालित यात्री मित्र सेवा और ई-व्हीलचेयर व्यवस्था के साथ यह पहल डिजिटल माध्यम से सेवाओं की उपलब्धता को और आसान बनाने में सहायक होगी।

उल्लेखनीय है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को जरूरत के समय सहायता उपलब्ध कराने के साथ रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को अधिक व्यवस्थित, सुलभ और तकनीक आधारित बनाना है।