अजमेर। राजस्थान को साल 2026-27 के बजट में पहली बार 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक 10228 करोड़ रूपए प्रदान किए गए हैं जो कि वर्ष 2009-14 के बजट की तुलना में लगभग 15 गुणा अधिक है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि राजस्थान में स्थित 85 रेलवे स्टेशनों को 4500 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के साथ अमृत स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है जिनका कार्य बहुत तेजी के साथ प्रगति पर है। आठ स्टेशनों (गोगामेड़ी, फतेहपुर शेखावाटी, राजगढ़, देशनोक, बूंदी, गोविंदगढ़, मंडावर महुआ रोड़, मांडलगढ) का उद्घाटन देशनोक से खुद प्रधानमंत्री मोदी ने किया था।।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में 56000 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य प्रगति पर है। राजस्थान में लगभग 99 प्रतिशत विद्युतीकरण हो गया है। राजस्थान में वर्ष 2014 से अब तक रेलवे ट्रैक पर 1514 फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण किया गया है तथा लगभग 3,900 किलोमीटर ट्रेक का निर्माण किया गया है जो कि डेनमार्क के कुल रेल नेटवर्क से अधिक है।
राजस्थान में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के फलस्वरूप नई गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। बेहतर रेल सम्पर्क के लिए 6 जोडी वंदे भारत और 1 जोड़ी अमृत भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। विगत समय में जोधपुर और बीकानेर से वंदे भारत ट्रेन तथा जैसलमेर से स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस जैसी लोकप्रिय ट्रेनों का संचालन प्रारम्भ किया गया है। इसके साथ ही जोधपुर से पुणे, हैदराबाद और चैन्नई के लिए भी नई ट्रेनों का संचालन प्रारम्भ किया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान में इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्यों के लिए पर्याप्त बजट प्रदान किया गया है। रेलवे द्वारा स्टेशनों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है जिसके तहत अजमेर मंडल पर उदयपुर स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है। अजमेर व आबूरोड पर भी स्टेशनों का पुनर्विकास किया जाएगा।
2024-25 में अजमेर मंडल में आधुनिक यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए अमृत भारत स्टेशन स्कीम के अन्तर्गत 15 स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों की आधार शिला रखी थी। इन सभी स्टेशनों पर निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है तथा इस वितीय वर्ष 2025-26 में 12 स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट की विस्तृत रिपोर्ट आने पर मंडल को विभिन्न मदों में आशा अनुरूप बजट प्राप्त हुआ है।
प्रेस वार्ता के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, मुख्य परियोजना प्रबंधक(गतिशक्ति) अनूप कुमार शर्मा तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव सहित अन्य रेल अधिकारीगण उपस्थित रहे।



