अजमेर। ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन के आवाहन पर देशभर में आयोजित मांग दिवस पर अजमेर मण्डल में रेल कर्मचारियों ने 18 जगहों पर धरना, रैली और प्रदर्शन आयोजित किए।
मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष मोहन चेलानी ने कहा कि मान्यता के चुनाव में रेल मंत्रालय नई नई कमेटियों का गठन करके लुभा रहे थे और आज तक एक भी कमेटी की रिपोर्ट धरातल पर नहीं आई।
रेल कर्मचारी आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट शीघ्र जारी करने, रेलवे के ढाई लाख रिक्त पदों को भरने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, कैडर रिस्ट्रक्चरिंग जारी करने, 8 घंटे का ड्यूटी रोस्टर करने, पॉइंट्समैन और ट्रैकमैन के पदोन्नति अवसर बढ़ाने, पेट्रोलिंग बीट कम करने, बोनस और रात्रि ड्यूटी, किलोमीटर भत्ता की सीलिंग लिमिट बढ़ाने, नई गाड़ियों और रेल लाइन के लिए नए पद सृजित करने की मांग को लेकर देशभर के रेल कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं।
धरने को संबोधित करते हुए मण्डल अध्यक्ष राजीव शर्मा, सहायक महामंत्री जगदीश सिंह, विपुल सक्सेना, अरुण गुप्ता, नेहा गुर्जर, महेश चौधरी, गौरव मेहरा, रमेश निंबोडिया ने कहा कि रेल प्रशासन संरक्षा के कार्यों का आउटसोर्सिंग कर रहे हैं, इससे रेलों की सुरक्षा और गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है। ठेकेदार रेलवे के अधूरे कार्य छोड़कर भाग जाते हैं, इससे रेल कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार आता है।
धरने में अतुल विश्वा, दिनेश महारिया, बलदेव सिंह, अरविंद यादव, संजय सिंह, संजीव अरोड़ा, दीप्ति शर्मा, भावना वर्मा, वीरेश शर्मा, संजय चतुर्वेदी, गौरव सेन सहित 250 से अधिक रेल कर्मचारियों ने भाग लिया।
अखिल भारतीय मांग दिवस के अवसर पर नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन के तत्वाधान में अजमेर DRM ऑफिस और आबूरोड लॉबी पर धरना एवं लोको कारखाना, दौराई, ब्यावर, सोजतरोड, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, डीजल शेड आबूरोड, डूंगरपुर, उदयपुर, मावली, भीलवाड़ा, नसीराबाद, कामलीघाट में विरोध प्रदर्शन किया गया।



