जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनी है और मोदी सरकार की समावेशी नीतियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए नौ जून से 21 जून तक चलाए जाने वाले संकल्प से सिद्धि तक अभियान से जुड़ना होगा।
भारतीय जनता पार्टी की नरेंद्र मोदी सरकार के विकसित भारत का अमृत काल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल बेमिसाल उपलब्धियों के साथ नौ जून से संकल्प से सिद्धि तक देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। कार्यशाला में श्री शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पर्यावरण दिवस से लेकर आपातकाल की 50वीं वर्षगाठ पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया और इस दौरान शर्मा ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व जहां देश में आतंकवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण जैसी अव्यवस्थाएं चरम पर थी वहीं 2014 के बाद मोदी ने देश के हालात बदलने का ऐतिहासिक कार्य किया। युवा, महिला, किसान और मजदूर श्रेणी में विभाजित लोगों के कल्याण और उत्थान के लिए मोदी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है। फिर चाहे वो पीएम किसान सम्मान निधि योजना हो, मुद्रा योजना हो, पीएम फसल बीमा योजना हो, आवास योजना हो, खाद्य सुरक्षा योजना हो,उज्जवला योजना हो, जेजेएम मिशन योजना हो, हर योजना से सीधा लाभान्वित करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा के क्षेत्र में भी सुदृढ़ हुआ है, यह पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश और दुनिया ने देख लिया। 2014 से पूर्व हमारी अर्थव्यवस्था 11वें पायदान पर थी, जो मोदी की बेहतर नीतियों के चलते आज चौथे नंबर पर आ गई। अब हमें केंद्र सरकार और राजस्थान की डबल इंजन सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का काम करना है। संकल्प से सिद्धि तक अभियान में ये कार्य प्रत्येक बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को करने है।
शर्मा ने बताया कि पांच जून से लेकर 25 जून तक हर कार्यकर्ता को अपने अनुभव के साथ संगठन के अभियानों से जुड़ना होगा। पांच जून को पर्यावरण दिवस के दिन गंगा दशहरा से वंदे गंगा जल सरंक्षण जन अभियान से जुड़कर जल स्त्रोतों के रिचार्ज करने की दिशा में कार्य करना है। सरकार के इस अभियान में वर्षा जल सरंक्षण के लिए योजनाएं बनाकर ग्राम स्तर पर कार्य किया जाएगा। इसमें भामाशाहों का भी सहयोग लिया जाएगा।
इस दौरान 21 जून को विश्व योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हमारे कार्यकर्ताओं को बढचढ़ कर सहभागिता निभानी होगी। इसके बाद 23 जून को डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर संगोष्ठियां, कार्यशाला आयोजित करने के साथ 25 जून को आपात काल के 50वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों तक कांग्रेस के काले अध्याय को पहुंचाने का कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करता है, क्योंकि भाजपा में राजनीति के साथ सामाजिक सरोकार के कार्य भी किए जाते है। फिर चाहे वो पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में एक पेड़ मां के नाम अभियान हो या फिर जल सरंक्षण की दिशा में चलाए जा विभिन्न कार्यक्रम हो। भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही धार्मिक, सांस्कृति पर्यटन के क्षेत्र में कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है। भाजपा में ही कार्यकर्ता निर्माण करने का भाव देखने को मिलता है। यहां नए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने के साथ नित नई जिम्मेदारी दी जाती है। इसलिए कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रित राजनीतिक पार्टी बनी है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि 2014 में मोदी ने नए भारत के निर्माण का संकल्प लिया और 11 साल में उन संकल्पों को सिद्ध भी किया। भाजपा के कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार के उन संकल्पों को जन जन तक पहुंचाने का काम करना है। देश आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से उभरकर सामने आया है।
कांग्रेस राज में देश का सोना तक गिरवी रखने की नौबत आ गई थी और आज देश अर्थव्यवस्था में विश्व में चौथे नंबर पर आ गया। देश का आमजन 2014 से पूर्व और 2014 के बाद के भारत में परिवर्तन स्पष्ट रूप से महसूस कर रहा है। आज विश्व के अधिकांश देश हमारी ओर आशा एवं उम्मीद की दृष्टि से देखते है। विश्व के 21 से अधिक देशों ने मोदी अपने देश का सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है। यह हम सबके लिए गौरवान्वित करने का विषय है।
उन्होंने 25 जून को आपातकाल के 50 साल पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के उस काले अध्याय को आज हमें देश की जनता के सामने रखना चाहिए। कांग्रेस द्वारा आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या करने का काम किया था, निर्दोष लोगों को जेल भेजने का काम किया, देश की चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया। ऐसे में कांग्रेस के आपातकाल को हमें देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना होगा।