परम्परा और विरासत को आगे बढ़ाने में बहनों का अहम योगदान : भजनलाल शर्मा

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रक्षाबंधन पर्व पर शनिवार को यहां वीरागंनाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी बहनों एवं स्कूल-कॉलेज छात्राओं से रक्षासूत्र बंधवाया।

शर्मा ने बहनों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि इस त्यौहार का हमारी संस्कृति में बहुत महत्व है। यह भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है। हमारे ऐसे त्यौहारों में समरसता एवं एकरूपता का संदेश निहित होता है। उन्होंने कहा कि हमारी परम्परा और विरासत को आगे बढ़ाने में बहनों का अहम योगदान है। बहनें परिवार में विभिन्न भूमिकाएं निभाते हुए उसे संजोने एवं संस्कारित करने की जिम्मेदारी निभाती है। इसलिए हमारी संस्कृति में बहनों का स्थान सर्वोपरि होता है।

शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर छोटी एवं बड़ी बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद मुझे मिला है। यह मेरे लिए अभेद्य सुरक्षा कवच है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अन्य क्षेत्रों के साथ ही सामाजिक सरोकारों के माध्यम से भी देश को आगे बढ़ाया है। उन्होंने स्वच्छता, लिंगानुपात, पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में अभियान चलाकर देशभर में जन-जागरूकता की अलख जगाई।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित बहनों से आह्वान किया कि वे पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाने के साथ ही सामाजिक कार्यों से भी जुड़ें और केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित भाई-बहनों को उनका लाभ दिलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इससे ही समाज में बदलाव आएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माता-बहनों के शिक्षित एवं सशक्त होने से ही देश और प्रदेश उत्कृष्ट बनेगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश की नारियों ने अपने महान कार्यां से इतिहास रचा है, उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे भी जीवन में साहसिक रूप से कार्य करते हुए अपने सपनों को पूरा करें।

कार्यक्रम में शर्मा ने वीरांगना बहनों से राखी बंधवाई और उनका विशेष सम्मान किया। इस दौरान प्रजापिता ब्रह्मकुमारिज संस्थान की चन्द्रकला दीदी तथा अन्य प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री एवं उनकी धर्मपत्नी गीता शर्मा को रक्षासूत्र बांधा वहीं स्कूलों में पढ़ने वाली बहनों ने जब अपने नन्हें हाथों से शर्मा को राखी बांधी तो उन्होंने उनके सिर पर हाथ रखकर स्नेहिल आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित बहनों से संवाद किया और उन्हें सम्मानस्वरूप उपहार भेंट किए। इस दौरान चिकित्सा, कानून व्यवस्था एवं न्याय सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी नारी शक्ति ने राज्य सरकार द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

दिया कुमारी ने आर्मी कैंप में जवानों को राखी बांधकर मनाया रक्षाबंधन

जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शनिवार को यहां दक्षिण-पश्चिमी कमांड मुख्यालय में रक्षाबंधन का पर्व सैनिकों के साथ मनाया। इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने दक्षिण-पश्चिमी कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह सहित अधिकारियों और जवानों को राखी बांधी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी इस अवसर पर मौजूद थीं।

कार्यक्रम के दौरान दिया कुमारी ने कहा कि जनता की सेवा के लिए जो बलिदान और समर्पण सेना के जवान करते हैं, वह सर्वोपरि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अनेक अवसरों पर हमारे सैनिकों के बीच त्यौहार मनाते हैं और उनसे ही मैंने यह प्रेरणा ली है।

उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि देश के लिए इस अभियान में सेना ने जो साहसिक कार्य किया, वह अविस्मरणीय है। हर समय सेना दुश्मन के सामने मजबूती से खड़ी रहती है।

उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी। केंद्र सरकार ने सेना को निर्णय लेने की पूरी स्वतंत्रता दी, जो एक महत्वपूर्ण फैसला था। इसी कारण आज हमारा देश सुरक्षित है और हम सभी खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं।