अरावली मुद्दे को लेकर केन्द्र एवं राज्य सरकार के विरुद्ध किया जाएगा आंदोलन : गोविद सिंह डोटासरा

जयपुर। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केन्द्र एवं राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर अरावली पर्वतमाला को खनन माफिया के हवाले करने का षड़यंत्र करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस अरावली पर्वतमाला के मुद्दे को लेकर जनता के समक्ष जनजागरण करेगी और दोनों सरकारों के विरुद्ध आन्दोलन किया जाएगा।

डोटासरा ने मंगलवार को यहां प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश के 19 जिलों में अरावली पर्वतमाला के मुद्दे पर जबरदस्त आक्रोश है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि अरावली पर्वतमाला को खत्म करने की साजिश सफल नहीं होने दी जाएगी। जनता के समक्ष कांग्रेस पार्टी जनजागरण करेगी और भाजपा की केन्द्र एवं राज्य सरकार के विरुद्ध आन्दोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अरावली पर्वतमाला की रक्षा का अभियान चलाएगी। आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी की सभी जिला कांग्रेस कमेटियां, मण्डल, बूथ और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में कांग्रेस कार्यकर्ता जनजागरण अभियान अपने-अपने क्षेत्रों में चलाएंगे, अरावली को समाप्त करने के षडय़ंत्र के विरोध में प्रदर्शन करेंगे और उसके पश्चात् प्रदेश कांग्रेस कोर्डिनेशन कमेटी की बैठक कर कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं से सलाह मशविरा किया जाकर अरावली बचाने के लिए एक वृहद अभियान की कार्य योजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला को खनन् माफिया के हवाले करने के षडय़ंत्र बना है, इस पर जवाब भाजपा की सरकार को देना होगा और प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा देश के प्रधानमंत्री जब तक इस मुद्दे पर संतोषजनक जवाब नहीं देंगे, इस निर्णय को बदलने के लिए कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक कांग्रेस पार्टी सबको साथ लेकर जन आन्दोलन चलाएगी। अरावली पर्वतमाला को बचाने के लिये कांग्रेस पार्टी दृढ संकल्प है और भाजपा के नेता जो सनातन के नाम पर केवल वोट मांगने का काम करते हैं उन्हें जनता के समक्ष पूरी तरह से एक्सपोज करने का कार्य कांग्रेस कार्यकर्ता करेंगे।

डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब से केन्द्र में भाजपा की सरकार बनी है, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करना, स्वायत्तशासी संस्थाओं का खत्म करना और विभिन्न तरह के माफियाओं को लाभ पहुंचाने की नीति भाजपा की रही है। देश में आज संगठित रूप से देश की सम्पदाओं को लूटने का कार्य किया जा रहा है।

नए मामले में अरावली पर्वतमाला को लूटने का षडय़ंत्र भाजपा ने पूरा कर लिया है, जो रिपोर्ट उच्चत्तम न्यायालय में केन्द्र सरकार ने दबाव में दिलवाई है उसके पश्चात् स्पष्ट हो गया है कि राजस्थान की जीवन रेखा अरावली पर्वतमाला के 90 प्रतिशत हिस्सा जो न सिर्फ रेगिस्तान के विस्तार को रोकने में सहायक है, धूल भरी आंधियों से बचाव करती है, पर्यावरण संतुलन बनाये रखने में सहायक है और प्रदेशवासियों के लिए आस्था का केन्द्र है, इसे नष्ट करने का कार्य भाजपा की सरकार ने किया है।