आसाराम बापू मामले में हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित

0

जोधपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर में आसाराम द्वारा उम्रकैद की सजा को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई है।

न्यायमूर्ति अरुण मोंगा और न्यायमूर्ति योगेंद्र कुमार पुरोहित की खंडपीठ ने सोमवार को दोनों पक्षों की अंतिम बहस पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।

सुनवाई के दौरान आसाराम पक्ष के वकीलों ने सजा को चुनौती देते हुए कई कानूनी बिंदुओं पर सवाल उठाए। उन्होंने निचली अदालत के फैसले में कथित त्रुटियों और सबूतों के मूल्यांकन पर पुनर्विचार की मांग की। अभियोजन पक्ष ने निचली अदालत के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि सभी साक्ष्य और गवाहों के आधार पर ही सजा सुनाई गई थी।

उल्लेखनीय है कि आसाराम को नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराते हुए निचली अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद उन्होंने उच्च न्यायालय, जोधपुर में याचिका दायर की थी।