केन्द्रीय बजट में राजस्थान के विकास के लिए कोई प्रावधान नहीं : डोटासरा

0

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से संसद में पेश केन्द्रीय बजट 2026-27 को निराशाजनक बताते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशवासियों को डबल इंजन सरकार बनने पर विकास का भरोसा दिलाया था लेकिन इस बजट में राजस्थान के विकास के लिए कोई प्रावधान नहीं है।

डोटासरा ने केन्द्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि इस बजट में राजस्थान के लिए नहीं कोई घोषणा हुई एवं न ही कोई राष्ट्रीय परियोजना प्रदेश को मिली और न ही किसी योजना के लिए विशेष पैकेज प्रदेश को मिला है। ईआरसीपी जैसी महत्वकांक्षी परियोजना का राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं होना तथा जल जीवन मिशन के तहत् कोई विशेष पैकेज नहीं मिलना राजस्थानवासियों के साथ केन्द्र द्वारा किए गए सौतेले व्यवहार का बड़ा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों की आय दुगुनी करने का वादा 2014 में किया था किन्तु आज भी किसानों की आय बढ़ाने के लिए थोथी घोषणा कर वाहवाही लूटना चाहते है। इस बजट की घोषणाओं में भी राजस्थान के किसानों द्वारा उगायी जाने वाले फसलों एवं उत्पादों को शामिल नहीं कर प्रदेश के किसानों के हितों के साथ कुठाराघात किया गया है। पर्यटन के क्षेत्र में भी राजस्थान के लिए किसी प्रकार की राहत भरी घोषणा नहीं की गई जबकि राजस्थान मेें भरपूर सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर है किन्तु बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम सहित समस्त पुरा महत्व के स्थानों को पर्यटन हब की योजना से महरूम रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में बुलेट ट्रेन की घोषणा पूर्व में कर चुके है अब सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणाएं हुई है किन्तु हाईस्पीड रेल कॉरिडोर और फ्रेट कॉरिडोर से राजस्थान प्रदेश को वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्य वर्गीय परिवारों को महंगाई से राहत देने के लिए कोई उपाय नहीं किए गए है। युवाओं को रोजगार देने के लिए भी किसी प्रकार के प्रावधान नहीं किए गए है। देश से निवेशक अपनी पूंजी निकाल रहे है, घरेलू बचत गिर रही है और बाजार में अस्थिरता का माहौल डर के साथ व्याप्त हो गया है। केन्द्र सरकार का बजट देश के सभी वर्गों को निराश करने वाला है।