नई दिल्ली/चंडीगढ़। मशहूर रैपर बादशाह ने अपने हालिया हरियाणवी गीत ‘टटीरी’ के बोलों और फिल्मांकन को लेकर उपजे भारी विवाद के बाद शनिवार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
बादशाह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य हरियाणा की संस्कृति या वहां की महिलाओं और बच्चों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने हरियाणा के लोगों से खुद को राज्य का बेटा मानकर माफ करने की अपील भी की।
विवाद उस समय गहरा गया जब हरियाणा पुलिस ने इस गीत में अश्लील शब्दावली और स्कूल यूनिफॉर्म में छात्राओं के आपत्तिजनक चित्रण के आरोपों के बाद बादशाह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने बादशाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पुलिस ने बादशाह को एक नोटिस जारी करके उनके सामने आकर सवालों के जवाब देने को कहा है। पुलिस उनकी तलाश भी कर रही है।



