राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक हृदय नाथ सिंह पंचतत्व में विलीन

सुलतानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हृदयनाथ सिंह का मंगलवार को लखनऊ में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार सुलतानपुर जिले के करौंदीकला क्षेत्र के इमलिया घाट पर हुआ। अंतिम संस्कार में भाजपा के तमाम नेता और संघ परिवार के पदाधिकारी शामिल हुए।

सिंह का मंगलवार सुबह डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया था। उनकी शवयात्रा लखनऊ से जौनपुर जिले की शाहगंज तहसील अंतर्गत उनके पैतृक गांव अमावा खुर्द पहुंची। वहां परिजनों के अंतिम दर्शन करने के बाद उनका अंतिम संस्कार के लिए करौंदीकला थाना अन्तर्गत इमलिया घाट पर ले जाया गया। जहां उनका अंतिम संस्कार सम्पन्न हुआ।

इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, गिरीश चन्द्र यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल आदि शामिल हुए। इससे पहले जिले के संघ परिवार के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने पयागीपुर चौराहे के पास उनके शव यात्रा को रोककर उनके शव पर पुष्प चक्र, माला व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक डॉ एके सिंह, विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश, सह जिला संघचालक अजय गुप्ता सहित संघ के डॉ रमाशंकर मिश्र, डॉ पवनेश मिश्र, सुदीप पाल सिंह, राकेश मणि त्रिपाठी आदि शामिल रहे।

इससे पहले उनका पार्थिव शरीर भाजपा के प्रदेश कार्यालय लाया गया जहां मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

गौरतलब है कि हृदयनाथ सिंह झारखंड में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री के अलावा काशी और ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री भी रहे। इससे पहले वह सुलतानपुर, अयोध्या और झांसी के संघ के विभाग प्रचारक रहे। हरदोई और पीलीभीत के जिला प्रचारक रहे। आपातकाल के दौरान उन्होंने काम किया और जेल भी गए। जौनपुर के निवासी हृदयनाथ सिंह गोरखपुर में पढ़ाई के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। इसके बाद वह आरएसएस के प्रचारक बन गए थे। वर्तमान में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में दायित्व का निर्वहन कर रहे थे।

हृदयनाथ सिंह के निधन से भाजपा में शोक की लहर

आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक एवं भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय संगठन मंत्री हृदयनाथ सिंह के निधन पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

नड्डा के प्रतिनिधि के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह और राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश ने दिवंगत नेता के जौनपुर स्थित पैतृक आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर सिंह के पार्थिव देह पर भाजपा का ध्वज ओढाकर पुष्पांजलि अर्पित की।

पार्टी मुख्यालय पर केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना, धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, प्रदेश मंत्री त्रयंबक त्रिपाठी, अभिजात मिश्र, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सह प्रभारी लक्ष्मण चौधरी, मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, पूर्व मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, पूर्व एमएलसी जय प्रकाश चतुर्वेदी, विंध्यवासिनी कुमार, महापौर सुषमा खड़कवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नड्डा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सिंह का सम्पूर्ण जीवन जनसेवा व राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा और उनकी कार्यकुशलता और संगठन के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणीय है। मेरी संवेदना शोकाकुल परिजनों के साथ है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।

योगी ने कहा कि सिंह का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल स्वयंसेवकों व परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा वरिष्ठ प्रचारक एवं पूर्व संगठन मंत्री सिंह के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को विपदा की इस घड़ी में संबल प्रदान करे।