रेलवे अजमेर मंडल पर मिशन शक्ति ‘निर्भय भारत सशक्त नारी’ सेमिनार का आयोजन

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल पर आज़ादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत मिशन शक्ति निर्भय भारत सशक्त नारी सेमिनार मंडल कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के सम्बन्ध में चर्चा की गई। महिला रेल अधिकारी व कर्मचारी महिलाओं तथा आमंत्रित महिला वक्ताओं ने अपने विचार रखे। सेमिनार में 50 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।

वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी हेमंत सुलानिया के निर्देशों के अंतर्गत आयोजित मिशन शक्ति निर्भय भारत सशक्त नारी कार्यक्रम के बारे में आरंभिक उद्बोधन देते हुए मंडल कार्मिक अधिकारी शैलेश चौधरी ने उपस्थित महिलाओं वक्ताओं का उपस्थिति के लिए आभार प्रकट करते हुए महिलाओं के सशक्तीकरण संबंधित अपने विचार रखे और मंच संचालन किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रवक्‍ता संध्या ने महिलाओं के हित में राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के वारे जानकारी दी। महिला यात्रियों की सुरक्षा व चाईल्ड हेल्प लाईन एवं रेलवे नियमों की जानकारी मीरा व सावित्री मुख्य निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल अजमेर ने दी।

कार्य स्थल पर कामकाजी महिलाओं के यौन उत्पीडन की शिकायत के निपटान हेतु वंदना चौबे सहायक कार्मिक अधिकारी ने जानकारी साझा की। पारिवारिक न्यायालय एवं विवादों के सामान्य नियमों की जानकारी कमलेश माथुर अधिवक्ता पारिवारिक न्यायालय अजमेर द्वारा दी गई।

अजमेर मंडल के राजेन्द्र प्रसाद भड़ाना को राजभाषा सम्मान

नई दिल्ली स्थित भारत सरकार रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा अजमेर मंडल के राजेन्द्र प्रसाद भड़ाना को राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राजेंद्र प्रसाद भडाना मुख्य लोको निरीक्षक को अपना अधिकांश कार्य हिंदी में करने के लिए रेल मंत्रालय की राजभाषा व्यक्तिगत नकद पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्रमाण-पत्र व नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया है।