दशहरा पर्व रावण के पुतलों के दहन एवं आतिशबाजी के साथ धूमधाम से मनाया

विजयदशमी पर्व 2023 : अजमेर के पटेल मैदान में अहंकारी रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन।

जयपुर। राजस्थान में असत्य पर सत्य एवं बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व मंगलवार को राजधानी जयपुर सहित राज्य के सभी हिस्सों में आतिशबाजी एवं रावण के पुतलों के दहन के साथ बड़े धूमधाम से मनाया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के रावण का चबूतरा मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया जहां जोधपुर के पूर्व नरेश गज सिंह ने अग्नि बाण चलाकर 60 फीट से अधिक ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। इस बार जोधपुर में विशेष रावण का पुतला तैयार किया गया जिसके दहन करने पर उसकी आंखों से अंगारे बरसने लगे। इसके साथ कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतले भी जलाए गए।

इस अवसर पर जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में राज्य का सबसे ऊंचा 121 फीट का रावण का पुतला दहन किया गया जबकि कुंभकर्ण का पुतला 111 फीट और मेघनाद का पुतला 105 फीट का जलाया गया। रावण पुतला दहन को देखने के लिए बड़ी संख्या लोग आए और इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसका लोगों ने आनंद उठाया।

इसी तरह आदर्श नगर में 105 फीट के रावण और 90 फीट के कुंभकर्ण के पुतले जलाये गए। इस बार पुतलों को आकर्षक रुप से सजाया गया था। इसके अलावा मानसरोवर सहित शहर के विभिन्न प्रमुख जगहों पर रावण के पुतले जलाकर विजयादशमी का पर्व मनाया गया। जयपुर के चौमूं में सरकारी स्कूल में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया।

कोटा में इस अवसर पर आयोजित दशहरा मेले में रावण का थ्री डी पुतला जलाया गया। रावण का 75 फीट, कुंभकर्ण और मेघनाद के 50-50 फीट ऊंचे पुतले दहन किए गए। इस दौरान दशहरा मेले में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इसी तरह जैसलमेर में शहीद पूनम सिंह सटेडियम में आयोजित कार्यक्रम में 40 फीट ऊंचा रावण का पुतला दहन किया गया जबकि कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के 30-30 फीट ऊंचे पुतलों का दहन किया गया।

सीकर में रावण टीले पर 60 फीट ऊंचा रावण के पुतले का दहन किया गया जहां बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।हनुमानगढ में 55 फीट ऊचे रावण के पुतले को जलाकर आतिशबाजी के साथ दशहरा मनाया गया। इसी तरह उदयपुर में गांधी मैदान में रावण उसके परिवार के सदस्यों के पुतले दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जालोर में स्टेडियम मैदान एवं सांचौर में हवाई पट्टी स्थल पर रावण के पुतलों का दहन किया गया। सांचौर में 60 फीट ऊंचे रावण का पुतल जलाकर आतिशबाजी की गई।

इसी तरह राजसमंद शहर के बालकृष्ण स्टेडियम में 51 फीट ऊंचे रावण का पुतला दहन किया गया। सिरोही में दशहरा मैदान में रावण परिवार के सदस्यों के पुतले जलाये और भरतपुर के नदबई में 51 फीट ऊंचा रावण का पुतला जलाकर दशहरा मनाया गया।

इस अवसर पर भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भी दशहरा धूमधाम से मनाया और इस दौरान उन्होंने तनोट माता मंदिर परिसर में शस्त्र पूजन किया। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह रावण उसके सदस्यों के पुतले दहनकर एवं आतिशबाजी के साथ धूमधान से मनाया गया। इसके अलावा इस मौके जयपुर सहित अन्य कई शहरों में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) ने शस्त्र पूजन किया और पथ संचलन निकाला।