तमिलनाडु में भाजपा कार्यालय से हटाई गई भारत माता की प्रतिमा

विरुधुनगर। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिला में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में स्थापित ‘भारत माता’ की मूर्ति को राजस्व अधिकारियों ने मंगलवार तड़के हटा दिया, जिससे सत्तारूढ़ द्रमुक और भगवा दल के बीच एक नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।

भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई, जिन्होंने छह महीने लंबी ‘मेरी भूमि, मेरे लोग’ नामक पदयात्रा शुरू की है, बुधवार को भारत माता की प्रतिमा का अनावरण करने वाले थे।

पुलिस के साथ वरिष्ठ राजस्व अधिकारी सोमवार देर शाम को मदुरै-कन्याकुमारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गणपति मिल लैंप इलाके में भाजपा कार्यालय पहुंचे और भाजपा पदाधिकारियों को बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित करने के लिए इसे हटाने का निर्देश दिया।

भाजपा पदाधिकारियों ने ऐसा करने से इनकार करते हुए कहा कि यह प्रतिमा सार्वजनिक स्थान पर स्थापित नहीं की गई है और इसे एक निजी पट्टे की जमीन के अंदर स्थापित किया गया है।

राजस्व अधिकारी हालांकि, आज तड़के फिर से भाजपा कार्यालय गए और पुलिस सुरक्षा के बीच उस प्रतिमा को हटा दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि पुलिस ने गेट का ताला तोड़ दिया और कार्यालय परिसर में घुसकर प्रतिमा को हटा दिया।

इस बीच, अन्नामलाई ने इसकी कड़ी निंदा की है और कहा है कि द्रमुक के भ्रष्ट शासन में एक यह है कि भाजपा को अपने परिसर में भारत माता की प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने भाजपा कार्यालय परिसर में लगी प्रतिमा को बदलने की मांग की।