भीलवाड़ा में बस की चपेट में आने से सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में भीलवाड़ा-राजसमंद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक सड़क हादसे में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बूंदी डिपो की रोडवेज बस सहाड़ा के निकट एक ट्रक से आगे निकलने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान बस की चपेट में मोटर साइकिल सवार सलीम मोहम्मद (65) आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सलीम सेवानिवृत्त शिक्षक थे। हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण गंगापुर चिकित्सालय परिसर में धरने पर बैठ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण चिकित्सालय परिसर में एकत्र हो गए। परिजनों ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और रोडवेज विभाग की ओर से 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग रखी है।

स्थिति की जानकारी मिलने पर गंगापुर उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत की। फिलहाल धरने पर बैठे लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर भी कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।