श्रीगंगानगर। राजस्थान में कुख्यात बदमाश सरगना रोहित गोदारा उर्फ रोहित स्वामी का एक गुर्गा गुरुवार तड़के श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुभाषचंद्र ढील और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स में पुलिस निरीक्षक रामविलास बिश्नोई के संयुक्त दल ने पठानवाला के पास शकील अंसारी (26) काे घेर लिया। उसने पुलिस पर हमला किया तो पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि शकील से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ है जबकि मौके पर उसके द्वारा पुलिस पर चलाई गई चार गोलियों के खाली खोखे मिले हैं। शकील अंसारी मोटरसाइकिल पर सवार था। उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर की गयी है। शकील को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
यादव ने बताया कि शकील अंसारी पंजाब के लुधियाना शहर में ढंढा खुर्द कस्बे की दुर्गा कॉलोनी का निवासी है। अब तक की जांच में उसका कई वारदातों में लिप्त होना पाया गया है। जिनमें लुधियाना में एक मेडिकल व्यवसायी पर गोलीबारी, चंडीगढ़ में रेकी, दिल्ली में एक वकील पर गोलीबारी करवाने, पंचकूला में गोलीबारी के लिए हथियार और शूटर भेजने। जयपुर में भारी मात्रा में कारतूस और हथियार देने के मामले शामिल हैं।
पांच दिन बाद ससुराल से लौटे युवक ने खेत में फंदा लगाया
श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ के सदर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने खेत में पेड़ रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मृतक की पहचान सुनील बिश्नोई (40) के रूप में हुई है। वह बुधवार सुबह खेत में पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। सुनील बिश्नोई की पत्नी करीब एक महीने से घमूडवाली थाना क्षेत्र के गांव जोडकिया अपने पीहर गई हुई थी।
पिछले सप्ताह सुनील भी अपने ससुराल चला गया। वहां से वह मंगलवार शाम को लौटकर अपने चक 18 एलजीडब्ल्यू-एके लिए रवाना हुआ, लेकिन घर नहीं गया। वह अपने खेत में गया और फांसी का फंदा लगा लिया। मौके पर उसका कपड़ों का बैग, मोबाइल फोन आदि सामान पड़ा मिला। घर वालों ने उसके आत्महत्या करने के कारण के बारे में अनभिज्ञता व्यक्त की है। सुनील के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है।



