जैसलमेर। राजस्थान में जैसलमेर में छह से आठ मार्च को तीन दिवसीय चादर महोत्सव और दादागुरु इकतीसा पाठ का आयोजन होगा जिसका शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत करेंगे।
आयोजन समिति के सचिव पद्म टाटिया ने गुरुवार को बताया कि इस अवसर पर आयोजित धर्मसभा को भागवत संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सात मार्च को विश्वभर में एक साथ एक करोड़ आठ लाख श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक दादागुरु इकतीसा पाठ का ऐतिहासिक महासंकल्प है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन दादा गुरुदेव जिनदत्तसुरि चादर महोत्सव समिति के तहत हो रहा है। संघ, विश्व हिंदू परिषद, हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, विद्या भारती और कई सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि कार्यक्रम में सहभागी हैं।
टाटिया ने बताया कि कार्यक्रम गच्छाधिपति आचार्य श्री मणिप्रभ सूरी जी की पावन निश्रा में सम्पन्न होगा। इस विराट महोत्सव के प्रेरणास्रोत पूज्य आचार्य
श्री जिनमनोज्ञ सागर जी हैं। चादर महोत्सव समिति के महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा एवं संयोजक जीतो के पूर्व अध्यक्ष तेजराज गोलेछा है। आयोजन में विभिन्न भारतीय परंपराओं के करीब 400 संतों की उपस्थिति होगी। करीब 20 हजार श्रद्धालुओं की तीन दिवसीय कार्यक्रम में मौजूदगी रहेगी।



