अजमेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने राजनीति में भाषा के गिरते स्तर पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सैद्धांतिक एवं वैचारिक मतभेद हो सकते हैं परंतु भाषा में अनुशासन संयम एवं संस्कार नहीं भूलना चाहिए।
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव पायलट जयपुर से आसींद जाते समय आज जीवीके टोल पर पत्रकारों से औपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में अनुशासन व्यवहार एवं शब्द सोच समझ कर बोलना चाहिए। पायलट ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर तंज करते हुए कहा कि नहीं सहेगा राजस्थान का नारा देने वाली सरकार अब कहां हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हार के डर से प्रदेश में स्थानीय एवं पंचायती राज चुनाव टाल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिला आरक्षण पर देश में भ्रम फैला रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री पायलट के किशनगढ़ पहुंचने पर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने माला एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय जैन, हेमन्त भाटी, हरि सिह गुर्जर, पूर्व महापौर कमल बाकोलिया, नसीम अख्तर इंसाफ, पूर्व विधायक नाथूराम सिनोदिया, राकेश पारीक, संग्राम सिंह गुर्जर, शिवकुमार बंसल, रश्मि हिंगोरानी, बालमुकुंद टांक, रेनू मेघवंशी, हनीश मारोठिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पायलट का माला पहनकर स्वागत किया।



