सवाईमाधोपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली ने खड़ी जीप में मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौत, दो बच्चियां घायल

0

सवाईमाधोपुर। राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रवाजंना डूंगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के श्रद्धालुओं की खड़ी कमांडर जीप को टक्कर मार देने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने बिचपुरी गुजरान निवासी काडू गुर्जर (60) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में पांच वर्ष की कृपा गुर्जर पुत्री हंसराज गुर्जर की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर भेज दिया गया। भारती (16) पुत्री मेवा लाल का इलाज सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग दिन में इंदरगढ़ माताजी के दर्शन करके लौट रहे थे और मुंद्राहेड़ी के पास पानी पीने के लिए रुके थे, तभी पीछे से आए खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी जीप को टक्कर मार दी। लोगों ने ट्रैक्टर चालक ओमप्रकाश (45) को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।