सीनियर सिटीजन सोसायटी अधिशाषी परिषद केंद्र समिति की मासिक बैठक सम्पन्न

6

अजमेर। अजमेर शहर सीनियर सिटीजन सोसायटी अधिशाषी परिषद की मासिक बैठक शुक्रवार को दीवा केंद्र रामगंज स्थित कार्यालय में अध्यक्ष किशन गोपाल वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों एवं वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सोसायटी के मीडिया प्रभारी डॉ. एस.डी. मिश्रा ने बताया कि महासचिव सुभाष दत्त शर्मा ने आगामी जुलाई-अगस्त माह में वर्षाकालीन गोठ आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। यह आयोजन पिछले तीन वर्षों से नहीं हो पाया था। बैठक में इस प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने स्वागत किया।

बैठक में वरिष्ठ नागरिक संस्थान राजस्थान की प्रदेश कार्यकारिणी में अजमेर को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। प्रदेश कार्यकारिणी में किशन गोपाल वैष्णव एवं सुरेंद्र सिंह चूंडावत को कार्यकारिणी सदस्य, रामेश्वर सिसोदिया को परामर्श मंडल सदस्य, सुभाष दत्त शर्मा को संभागीय संगठन मंत्री, डॉ. मुकेश माथुर को संभागीय प्रचार-प्रसार मंत्री तथा अमरचंद गुप्ता को महासमिति सदस्य नियुक्त किए जाने पर सभी ने प्रदेश सचिव भंवर सेठ एवं प्रदेश महासचिव मदन खटोड़ का आभार व्यक्त किया।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी में पहली बार अजमेर शहर को इतना महत्व मिलना सीनियर सिटीजन सोसायटी के लिए गौरव का विषय है। वहीं महासचिव सुभाष दत्त शर्मा ने नव नियुक्त संरक्षक कालीचरण खंडेलवाल के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित करने का सुझाव रखा, जिसे सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।

बैठक में महिला उपाध्यक्ष गीता तिवारी, महिला सदस्य हेमलता कश्यप एवं कृष्णा जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। अंत में अध्यक्ष किशन गोपाल वैष्णव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।