नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद) के अध्यक्ष एवं राज्य सभा सदस्य शरद पवार ने बुधवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान पवार के साथ उनकी पुत्री एवं सांसद सुप्रिया सुले भी थीं। संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में सुबह हुई इस मुलाकात में पवार ने प्रधानमंत्री काे एक पत्र सौंपा लेकिन इसका ब्यौरा नहीं मिल सका है।
पवार और सुले की प्रधानमंत्री से मुलाकात ऐसे समय हुई जबकि संसद के मानसून सत्र में दोनों सदनों में गतिरोध बना हुआ है। विपक्ष नीट परीक्षा प्रश्न-पत्र लीक, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ संसद के दोनों सदनों में तीन दिन से लगातार हंगामा कर रहा है। पवार नीट प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मंगलवार को मिलने गए थे।
इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में यह कयास तेज हो गए है कि पवार की पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के करीब आ रही है। उनकी पार्टी के कुछ नेता पिछले दिनों महाराष्ट्र में उप मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे से मिल चुके हैं। उस समय भी ये अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि राकांपा (शरद) राजग के साथ आ सकती है।
शरद पवार की पार्टी इस बात का भी संकेत दे चुकी है कि वह मानसून सत्र के दौरान परिसीमन विधेयक आने पर उसका समर्थन कर सकती है। पिछले सत्र में उनकी पार्टी ने इस विधेयक का विरोध किया था।



