पुष्कर मेला 2026 का कार्यक्रम पोस्टर जारी, 17 नवंबर से शुरू होंगी पर्यटन विभाग की गतिविधियां

1

अजमेर। विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला-2026 की तैयारियों के बीच बुधवार को जिला कलक्टर लोक बन्धु ने मेले के कार्यक्रमों से संबंधित पोस्टर और आधिकारिक कार्यक्रम पुस्तिका का विमोचन किया। इस बार पुष्कर मेले में देशी-विदेशी पर्यटकों के आकर्षण के लिए पारंपरिक खेलों, लोक संस्कृति, धार्मिक आयोजनों, ऊंट एवं घोड़ा प्रतियोगिताओं के साथ फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव समेत कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

पुष्कर मेला इस वर्ष 10 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगा। हालांकि पर्यटन विभाग की प्रमुख गतिविधियों का औपचारिक आगाज 17 नवंबर को ध्वजारोहण के साथ होगा और कार्यक्रमों का सिलसिला 24 नवंबर तक चलेगा।

पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से शुरुआत

17 नवंबर को सुबह 10 बजे मेला मैदान में पूजा-अर्चना, ध्वजारोहण और नगाड़ा वादन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद स्कूली छात्राओं की मांडना प्रतियोगिता और समूह नृत्य आयोजित किया जाएगा। स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच ‘चक दे राजस्थान’ फुटबॉल मैच भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

शाम को पुष्कर सरोवर घाट पर दीपदान, रंगोली, पुष्कर महाआरती और घाटों पर अभिषेक होगा। मेला मैदान मंच पर शाम 6:30 बजे ‘पुष्कर की आवाज’ कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे, जबकि शाम 7 बजे राजस्थानी लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे।

देसी खेलों में स्थानीय और विदेशी आमने-सामने

18 नवंबर को मेला मैदान में लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसे पारंपरिक खेल स्थानीय और विदेशी प्रतिभागियों के बीच होंगे। इसी दिन उष्ट्र श्रृंगार और उष्ट्र नृत्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

19 नवंबर को कबड्डी का स्थानीय बनाम विदेशी मुकाबला होगा। इसके बाद अश्व नृत्य प्रतियोगिता और अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद के तहत रस्साकशी, वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं होंगी।

आध्यात्मिक पदयात्रा और फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव

20 नवंबर को सुबह 9 बजे गुरुद्वारा से मेला मैदान तक आध्यात्मिक पदयात्रा निकाली जाएगी। दोपहर में ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। शाम 4 बजे शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव का शुभारंभ होगा। शाम को पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती और मेला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

21 नवंबर को विदेशी पर्यटकों के लिए पगड़ी बांधने, तिलक और मूंछ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव के साथ ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं भी जारी रहेंगी। शाम को सरोवर घाट पर महाआरती होगी।

महिलाओं की प्रतियोगिताओं से लेकर ‘लगान’ शैली क्रिकेट तक

22 नवंबर को महिलाओं के लिए मटका रेस और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव चलेगा। शाम को सरोवर घाट पर महाआरती और मेला मैदान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

23 नवंबर को मेला मैदान में सुबह 11 बजे फिल्म ‘लगान’ की शैली पर आधारित क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा। शिल्पग्राम में फूड एंड क्राफ्ट महोत्सव जारी रहेगा और शाम को पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

24 नवंबर को होगा मुख्य समापन समारोह

24 नवंबर को सुबह 10:30 बजे मेला मैदान में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह नृत्य, कला जत्था यात्रा, मटका दौड़ और रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर पुष्कर महाआरती के साथ पर्यटन विभाग के कार्यक्रमों का समापन होगा। पोस्टर विमोचन के अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक प्रद्युम्न सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।