जयपुर में भारतीय सेना के गौरव और सम्मान में निकाली सिंदूर यात्रा

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर की टोंक रोड स्थित वाटिका क्षेत्र में शुक्रवार को सिंदूर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, स्वायत शासन राज्य मंत्री मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, विधायक डा कैलाश वर्मा, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सभी ने हाथों में तिरंगा लिए देश की अखंडता, सुरक्षा और एकता का संदेश दिया। महिलाओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ यात्रा निकाली। सिंदूर तिरंगा यात्रा में महिलाओं का उत्साह देखने लायक था। देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण गूंज उठा। वाटिका क्षेत्र में आयोजित इस यात्रा को लेकर स्थानीय जनता में भी उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर राठौड़ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने यह दिखा दिया है कि भारत की सेना न केवल अपने नागरिकों की रक्षा में सक्षम है बल्कि आतंकवाद के अड्डों को नेस्तनाबूद करने में भी पूरी तरह सक्षम है। पहलगाम में हमारी बहनों पर हुए हमले का जिस तरह से जवाब भारतीय सेना ने दिया है, वह गर्व की बात है।

इसी गौरव और सम्मान को आगे बढ़ाते हुए बहनों ने सिंदूर तिरंगा यात्रा निकाली है, जो राष्ट्रप्रेम और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के मामले में राष्ट्र प्रथम की भावना सभी के मन में होनी चाहिए। आतंकवाद के खिलाफ भारत की इस जंग में ​देश एकजुट है और विपक्ष को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद के खिलाफ ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। आतंकावादी प्रशिक्षण केंद्रों को ध्वस्त कर दिया गया है। इस साहसिक कार्य को सलाम करते हुए देशभर में सिंदूर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह किसी राजनीतिक पार्टी का कार्यक्रम नहीं है, इसमें सभी लोगों को शामिल होना चाहिए।