सिरोही में भाजपा को निर्विरोध मिला सभापति उम्मीदवार, अब सिर्फ पार्षदों की जंग बाकी

22
सिरोही में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द करने के बाद रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष तल्ख़ आपत्ति जताते कांग्रेस नेता।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। सिरोही में भाजपा को अपना सभापति पद का प्रबल दावेदार मिल गया है। ऐसे में अब वहां पर भाजपा को सिर्फ अपने पार्षद जिताने की कवायद करनी है जो निविरोध जीते सभापति पद के दावेदार को अपना समर्थन देकर इस पद पर काबिज करने में सहयोग दे दे।

सिरोही नगर परिषद के वार्ड संख्या 10 में भाजपा के प्रवक्ता और ओटाराम देवासी व रक्षा भंडारी के सबसे करीबी गोपाल माली की पत्नी पूजा का निर्विरोध निर्वाचित होने का रास्ता साफ हो गया है। कांग्रेस की प्रत्याशी सुंदर माली के नामांकन को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निरस्त किए जाने के बाद ये स्थिति बनी है। सिरोही के राजनीतिक गलियारों में ये माना जा रहा है कि इस निर्विरोध जीत के बाद गोपाल माली भाजपा के रणनीतिकार के रूप में माली समाज से पूर्व सभापति ताराराम माली की जगह संगठन में प्रतिस्थापित होने की स्थिति में पहुंच चुके हैं।

गोपाल माली भाजपा के उन नेताओं में शुमार रहे जिन्होंने अपने तेवर से एक समय भाजपा में संयम लोढा को सबसे जबरदस्त चुनौति देने वाले नेता के रूप में जगह बना ली थी। ओटाराम देवासी और रक्षा भंडारी के सबसे विश्वस्त होने के कारण उनकी पत्नी के लिए सिरोही के सभापति की कुसी को सिर्फ 20 पार्षद दूर माना जा रहा है। वैसे रिटर्निंग अधिकारी के निर्णय के खिलाफ सुंदर देवी के हाईकोर्ट में जाने की बात भी सामने आ रही है।

– कई टिकिट काटे

भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी ने मंगलवार को भाजपा के सिरोही नगर परिषद के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। सिरोही में बोर्ड बनाने के लिए भंडारी ने कई दिग्गजों के टिकिट काटकर अपनी जिला और नगर कार्यकारिणी और उनके परिवार वालों पर जमकर विश्वास किया है। पिछली पर अल्पमत में आने पर भाजपा की साख बचाने के लिए सभापति का चुनाव लडे अरूण ओझा की पत्नी का टिकिट काटकर संघ के कार्यकर्ता जयगोपाल पुरोहित की पत्नी और पूर्व पार्षद गीता पुरोहित को टिकिट दिया है। इसके अलावा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री, जिला प्रवक्ता लोकेश खंडेलवाल, हिमांशु वाघेला, गोविंद माली, भबूतमल प्रजापत, लुम्बाराम भील, मदन सेन, दिनेश वेष्णव, मणिबाई, अरूणा खेरवाड और हेमलता पुरोहित को भी सूची में जगह नहीं दी है।

-शिवगंज में 34 प्रत्याशी ही लडेंगे

रक्षा भंडारी ने लम्बे समय छिपाने के बाद सिरोही के साथ शिवगंज नगर पालिका के प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी है। यहां के 35 वार्डों में भाजपा के सिर्फ 34 प्रत्याशी ही चुनाव लडेंगे। पूरे जिले में टिकिट वितरण के लिए सदस्यों का चयन करने के लिए घूमने वाली जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी अपने ही गृह क्षेत्र में भाजपा बहुल वार्ड में एक प्रत्याशी नहीं ढूंढ पाई थी। शिवगंज के वार्ड संख्या 25 में भाजपा के किसी प्रत्याशी ने आवेदन नहीं किया इसका मय दस्तावेज खुलासा सबसे पहले सबगुरु न्यूज ने किया था। मंगलवार सुबह जारी शिवगंज की सूची में इसी वार्ड के सामने कोई प्रत्याशी नहीं लिखा हुआ था। इस घटना के बाद संगठन में जिलाध्यक्ष के विरोधी खेमे को उनकी कार्यक्षमता पर सवाल उठाने का मौका मिल गया है।

-आबूरोड में देखने को मिल सकता है विरोध

भाजपा ने सिरोही और शिवगंज में विरोध के डर से सूची जारी करने में देरी की लेकिन, जो सूची सबसे पहले जारी की उसी आबूरोड में अब भाजपा को सबसे बडे विरोध का सामना करने को मिल सकता है। यहां आरोप ये लग रहा है कि भाजपा के टिकिट कांग्रेस के पूर्व चेयरमेन के साथ बैठकर तय किए गए। भाजपा के कार्यकर्ताओं को दरकिनार करते हुए कांग्रेस के दो लोगों को टिकिट दे दिया। वार्ड संख्या बीस से कांग्रेस के पूर्व पार्षद की पत्नी को टिकिट देने से व्यथित भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री स्वीटी शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष को अपने पद से इस्तीफा भेज दिया है। इतना ही नहीं पिछली बात भाजपा के बागी को भी टिकिट दिया गया है। ऐसे में इस बार भाजपा को कई बागी मिल सकते हैं जो जीत के लिहाज से उनके केंडीडेट्स पर भारी पडने की स्थिति में हैं। अपनी पुरानी और कोर वोट बैंक जाति को दरकिनार करने का खामियाजा इस बार यहां पर भाजपा को देखने को मिल सकता है।