धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार दोपहर करीब एक बजे हुए भीषण सड़क हादसे में गुजरात के वडोदरा से आए छह युवकों की मौत हो गई। सभी युवक उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन कर मारुति ईको वैन से गुजरात लौट रहे थे। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लोहे के सामान से भरा एक ट्रॉला रॉन्ग साइड से अनियंत्रित गति में उज्जैन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ईको वैन से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने वाहन का कांच तोड़कर कड़ी मशक्कत के बाद मृतकों के शवों और घायल युवक को बाहर निकाला। घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से बदनावर सिविल अस्पताल भेजा गया। मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर गुजरात में उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस ने फरार ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया।



