श्रीगंगानगर। राजस्थान में सूरतगढ़ में विगत मंगलवार को एक बुजुर्ग लक्ष्मीनारायण सोनी (71) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके दामाद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि लक्ष्मीनारायण सोनी की पुत्री रेखा का विवाह सूरतगढ़ निवासी राधाकृष्ण सोनी (37) से हुआ था। पति-पत्नी का आपस में विवाद चल रहा था। लक्ष्मीनारायण अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपनी पुत्री का विवाद पंचायती तौर पर सुलझाने के लिए मंगलवार को सूरतगढ़ आया था।
विवाद को सुलझाने के लिए लक्ष्मीनारायण अपने पुत्र सत्यनारायण सहित परिवार के छह सदस्यों के साथ राधाकिशन के घर पहुंचा। प्रारंभ में दोनों पक्षों के बीच शांतिपूर्ण बातचीत हुई, लेकिन कुछ देर बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राधाकिशन, उसके पिता गौरीशंकर, माता शारदादेवी और अन्य परिजनों ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
सूत्रों ने बताया कि इसी दौरान राधाकिशन ने लक्ष्मीनारायण सोनी को धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। परिजन उसे तुरंत एपेक्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राधाकृष्ण को गुरुवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया, उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया।



