श्रीगंगानगर जिले में पुलिस उपनिरीक्षक रामेश्वरलाल 20000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने श्रीगंगानगर जिले में नई मंडी घड़साना थाने के पुलिस उपनिरीक्षक रामेश्वरलाल को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी बीकानेर को शिकायत मिली कि परिवादी के मुकदमें में एफआर लगाने की एवज में रामेश्वरलाल द्वारा 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग कि गई और परिवादी द्वारा कम करने का निवेदन करने पर 20 हजार रुपए लेने के लिए सहमत हुआ।

इसके बाद ब्यूरो टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही करते हुए रामेश्वरलाल को परिवादी से 20 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है और रिश्वत के 20 हजार रुपए आरोपी के कब्जे से बरामद किए गए। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।