तीसरी सोमवारी पर लखीसराय में भगदड़, 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 18 घायल

0

लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले में अशोकधाम मंदिर परिसर के समीप तीसरी सोमवारी के अवसर पर आज सुबह भगदड़ मच जाने से सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई तथा 18 से अधिक लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना अशोकधाम मंदिर परिसर से करीब 400 मीटर पश्चिम और अशोकधाम रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई। मंदिर में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं के पंक्तिबद्ध होने के दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भीड़ का दबाव बढ़ने से बांस की बैरिकेडिंग टूट गई और महिलाओं का एक बड़ा समूह समीप स्थित रेलवे हाता के जलजमाव वाले क्षेत्र में गिर गया।

इसी दौरान भीड़ के दबाव से सड़क किनारे लगा बिजली का पोल भी गिर गया। पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। इस दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।

भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सरोज देवी (65) मणिमाला देवी (44), हेमलता देवी (55), सावित्री देवी (48), सविता देवी (35), ललिता देवी (50) तथा रिंकू देवी के रूप में की गई है। घायलों को सदर अस्पताल तथा निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।मृतकों के शव सदर अस्पताल लाये गये, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इस बीच सदर अस्पताल के बाहर मृतकों के परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया है। प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य करने और परिजनों से बातचीत का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख अनुग्रह राशि देने की घोषणा की

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर शोक जताया और मृत प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को चार लाख रुपए अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। चौधरी ने कहा कि अनुग्रह राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया तथा मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को भगदड़ में घायल सभी लोगों का समुचित और शीघ्र उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को भी कहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।