राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत : नायब सैनी

0

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने और नीतिगत पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश के मामले में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और यहां व्यापार-हितैषी वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य निवेशकों का विश्वास मजबूत करना है। इसके लिए स्वीकृति प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जा रहा है, ताकि उद्योग स्थापित करने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता निवेश के लिए मजबूत आधार प्रदान करती है।

उन्होंने बताया कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए समझौते से हरियाणा के उद्योगों को विशेष लाभ मिलेगा। इस दिशा में हरियाणा-यूरोपीय कार्य समूह का गठन किया जाएगा, जो यूरोपीय संघ के एमएसएमई और राज्य के एमएसएमई के बीच समन्वय स्थापित करेगा। विदेशी कंपनियों की आवश्यकताओं के अनुरूप पुर्जों और घटकों की पहचान कर उन्हें हरियाणा की विनिर्माण इकाइयों से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) उद्योगों के लिए निरंतर भूमि उपलब्ध करा रहा है तथा राज्य में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही, सरकार जल्द ही वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) के लिए नई नीति लागू करेगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को हरियाणा में अपने केंद्र स्थापित करने में सुविधा मिलेगी।