भिण्ड। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर 10वीं कक्षा की छात्रा से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भारौली क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय छात्रा कल शाम कोचिंग जा रही थी। इसी दौरान स्थानीय निवासी अभय राजावत उसका पीछा करते हुए केडीआर स्कूल के सामने स्थित केमिस्ट्री कोचिंग तक पहुंच गया।
आरोप है कि युवक ने छात्रा को रास्ते में रोककर प्रेम प्रस्ताव रखा और उससे जीवनभर साथ रहने की बात कही। छात्रा द्वारा विरोध और इंकार करने पर आरोपी भड़क गया तथा गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगा।
घटना के बाद डरी सहमी छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी अभय राजावत के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, अभद्र व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



