महंगी शिक्षा, निजीकरण और पेपर लीक से छात्रों का भविष्य संकट में : नसीम अख्तर इंसाफ

0

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा देहात कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अंबेडकर सर्किल पर छात्र समस्याओं को लेकर एक विशाल जनजागरण कार्यक्रम एवं नाट्य मंचन का आयोजन किया गया।

हजारों छात्रों की उपस्थिति में कलाकारों ने महंगी शिक्षा, शिक्षा के निजीकरण, बढ़ते मानसिक तनाव, पेपर लीक और आत्महत्या जैसी गंभीर समस्याओं को प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा। कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंतन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ तथा जिला अध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस की सोच थी कि भारत को मजबूत और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्थापित किए गए तथा गरीब से गरीब परिवार के बच्चों को भी शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने कहा कि आज शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है। गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में असमर्थ हो रहे हैं। महंगाई के साथ-साथ निजी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और प्रतियोगी परीक्षाओं का बढ़ता खर्च अभिभावकों पर भारी पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जो माता-पिता कर्ज लेकर अपने बच्चों को पढ़ाते हैं, उनके सपनों पर बार-बार होने वाले पेपर लीक जैसे मामलों से पानी फिर जाता है। वर्षों की मेहनत और लाखों रुपए खर्च करने के बाद परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके परिवारों पर गहरा मानसिक आघात पड़ता है, जिसके कारण कई युवा आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सह प्रभारी कैलाश झालीवाल ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समान शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी विशेष वर्ग का विशेषाधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों से शिक्षा बचाने और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी ओमप्रकाश नारायणीवाल, हंगामामी लाल मेवाड़ा, नरेंद्र रेगर, भगवान मक्कड़, सुशीला सालवी, मधु जाजू, मंजू पोकरण, महेश सोनी, ओमप्रकाश साहू सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।