शुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री

0

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्यों ने सुवेन्दु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना है। यह घोषणा पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं गृह मंत्री अमित शाह ने यहां शुक्रवार को विधायक दल की बैठक के बाद की।

शाह ने कहा कि विधायक दल की आज हुई बैठक में विधान मंडल दल के नेता के नाम पर कल 8 प्रस्ताव और अनुमोदन प्राप्त हुए थे और ये सभी प्रस्ताव अधिकारी के पक्ष में थे। नवनिर्वाचित सदस्यों को दूसराे नाम का सुझाव देने के लिए भी पर्याप्त समय दिया गया लेकिन कोई अन्य नाम नहीं आया।

शाह ने कहा कि इसके आधार पर मैं अधिकारी को पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता घोषित करता हूं। इस तरह अधिकारी का राज्य का नया मुख्यमंत्री बनना तय है। परंपरा के अनुसार उनके नेतृत्व में पार्टी राज्यपाल के समक्ष नयी सरकार के गठन का दावा करेगी। पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेतृत्व में पहली बार सरकार का गठन किया जा रहा है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल की बैठक के लिए शाह के अलावा मोहन चारण माझी को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में कोलकाता भेजा था। अधिकारी को विधायक दल का नेता चुने जाने का वहां उपस्थित भाजपा के सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत किया।