तमिलनाडु के तिरुप्पुर में सड़क हादसे में पुलिसकर्मी समेत 6 लोगों की मौत

0

चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुप्पुर ज़िले में करूर-कोयंबटूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को कार और लॉरी की टक्कर से एक पुलिस कांस्टेबल और पाँच अन्य लोगों की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों में कांस्टेबल के अलावा एक ही परिवार के तीन सदस्य (जिसमें एक बुज़ुर्ग जोड़ा और उनका पुत्र) और साथ ही दोनों दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों के चालक शामिल है।

वेलकोविल थाना में तैनात कांस्टेबल पी. रविचंद्रन (36) एक लॉरी की मदद कर रहे थे, जिसमें सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराने के बाद कुछ खराबी आ गई थी। तभी चालक ने तेज रफ्तार कार पर से नियंत्रण खो दिया और वह खड़ी लॉरी से जा टकराई, जिससे कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गयी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार में सवार सभी पांच लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस, अग्निशमन सेवा और बचाव विभाग के कर्मचारियों को कार के बुरी तरह से क्षतिग्रस्त मलबे से शवों को निकालने में काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मरने वालों की पहचान लॉरी चालक आर. सेंथिल (48), कार चालक आर राम (22), नरसिम्हन (65), उनकी पत्नी संतालक्ष्मी (60) और उनके पुत्र एन बालाजी (29) के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री विजय ने कांस्टेबल और अन्य पांच लोगों की मौत पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया। उन्होंने कांस्टेबल की मौत को पुलिस विभाग और उनके परिवार के लिए एक बड़ी क्षति बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मुख्यमंत्री जन राहत कोष से कांस्टेबल के परिवार को 30 लाख रुपए और अन्य लोगों के परिवारों को तीन-तीन लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।