चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राज्य विधानसभा में एलान करते हुए कहा कि राज्य के सभी विधायकों को उनके निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करने और जनसेवा कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार और 75,000 रुपए का मासिक वाहन भत्ता प्रदान किया जाएगा।
विधानसभा में नियम 110 के तहत दिए गए एक बयान में विजय ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विधायक बिना किसी बाधा के अपने निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित जिम्मेदारियों को निभा सकें। नई व्यवस्था के तहत, प्रत्येक विधायक को ड्राइवर, रखरखाव और ईंधन खर्च के भुगतान के लिए 75,000 का मासिक वाहन भत्ता मिलेगा। इसके अतिरिक्त, सरकार प्रत्येक विधायक को एक निजी सहायक नियुक्त करने और उसके वेतन का भुगतान करने के लिए 25,000 प्रति माह प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर यह सुविधाएं सभी विधायकों को प्रदान की जाएंगी ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा कर सकें और जनता की शिकायतों का अधिक प्रभावी ढंग से समाधान कर सकें। सदन में मौजूद विपक्षी और सत्ता पक्ष के सदस्यों ने दलगत सीमाओं से परे हटकर मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत किया और उनका धन्यवाद जताया।



