
सबगुरु न्यूज-राजस्थान। सिरोही की राजनीति में एक और मुद्दा व्यंग्य का विषय बना हुआ है। वो है हरी झंडी। राज्य सरकार ने 27 अप्रैल से प्रदेश की हर विधानसभा में ग्राम रथ अभियान शुरू किया है। सिरोही जिले में तीन विधानसभाओं के लिए तीन रथ थे। 15 दिन तक चलने वाले इस अभियान में सिरोही की तीनों विधानसभाओं की ग्राम पंचायतों में करीब तीन-तीन दिन इस रथ को जाना था।
यहां पर हर विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों की बैठक लेनी थी। सिरोही विधानसभा के ग्राम रथ को 28 अप्रैल को पंचायत राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करना था। इसके बाद ये रथ पूर्व निर्धारित समय में ग्राम पंचायतों में पहुंचते और वहां पर अधिकारी ग्रामीणों की समस्या सुनते और सुझाव देते। इसमें स्थानीय विधायक और प्रभारी मंत्री भी हिस्सा ले सकते थे। लेकिन, सिरोही विधानसभा में जो हो रहा है वो चर्चा हंसी विषय बन चुका है।

– गांव-गांव में हरी झंडी
पिछले एक सप्ताह से पंचायत राज राज्यमंत्री के कार्यालय से आ रही सिरोही के दौरे वाली अधिकांश विज्ञप्तियों में किसी न किसी गांव में ग्राम रथ को झंडी दिखाने का जिक्र है। खुद ओटाराम देवासी की सोशल मीडिया प्रोफाइल पर सिरोही विधानसभा के अधिकांश गांवों में ग्राम रथ को है झंडी दिखाने का लिखा हुआ है। उड़, जावाल, भूतगांव समेत कई गांवों में रथ की हरी झंडी दिखाने के जिक्र है। अब विपक्ष समेत खुद संगठन के नेता भी चुटकी लेने लगे हैं कि हरि झंडी दिख दिख कर थक गई है लेकिन, मंत्री जी हर गांव में उस रथ को हरि झंडी दिखाने से नहीं थके जिसको इन्होंने खुद ही हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
खुदके हरि झंडी दिखाये रथ को ही फिर से हर जगह जाकर है झंडी दिखाना राजनितिक चुटकी का हिस्सा बन चुका है। एक बार हरी झंडी दिखाकर निकाले गए रथ को हर गांव में हरी झंडी दिखाने के जिक्र मुख्य सचिव द्वारा इस संबंध में ली गई बैठक में नहीं आया। वहीं सत्ता की तरफ से भी ऐसा कोई निर्देश शायद ही होगा क्योंकि ऐसा होता तो पिंडवाड़ाआबू विधानसभा के विधायक समरामें गरासिया भी हर जगह हरी झंडी दिखाते नजर आ जाते।
– सालों पुरानी जगह पर खड़ा विकास!
सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर जनता कितनी संतुष्ट है वो खुद भाजपा जनप्रतिनिधियों को अब ग्राम रथ अभियान के दौरान पता चलता है। पंचायतराज मंत्री ओटाराम देवासी को उनके द्वारा करवाये गए कथित विकास का आइना सिरोही के राजपुरा बालदा गांव में देखने को मिला। यहां युवा ने आधारभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर ज्ञापन दिया तो उनके सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर हंगामा हो गया। सिरोही के ही निकट अणगौर गांव में ग्राम रथ के दौरान वेलांगरी बालदा में लंबे समय से चली आ रही पुलिया के निर्माण को लेकर उस क्षेत्र के ग्रामीण अनमने दिखे। वहीं निवर्तमान जिला प्रमुख और ओटाराम देवासी के करीबी अर्जुन पुरोहित के निर्वाचन क्षेत्र के ग्रामीणों ने पानी की समस्या को लेकर ग्राम रथ के दौरान हुई नारेबाजी भी बता रही है कि जमीनी स्तर पर पंचायत राज राज्य मंत्री के गृह विधानसभा में विकास कार्य हरि झंडी नहीं मिल पाई है।


